लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ बने देश के नए आर्मी चीफ (फोटो साभार: opindia)
देश को नया थल सेनाध्यक्ष मिल गया है। केंद्र सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को भारतीय सेना का अगला चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ नियुक्त करने की घोषणा कर दी है। रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, राष्ट्रपति ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ 30 जून को रिटायर हो रहे जनरल उपेंद्र द्विवेदी की जगह लेंगे।
लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ वर्तमान में वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ के पद पर कार्यरत हैं। अब उन्हें सेना के सर्वोच्च पद पर नियुक्त किया गया है और उनका कार्यकाल 31 अगस्त 2028 तक रहेगा। उनकी कमांड जिम्मेदारियों में रेगिस्तानी इलाके में एक आर्म्ड रेजिमेंट, पश्चिमी थिएटर में एक आर्म्ड ब्रिगेड और जम्मू-कश्मीर में उग्रवाद-विरोधी फोर्स की कमान संभालना शामिल है।
The Government has appointed Lieutenant General Dhiraj Seth, PVSM, UYSM, AVSM, presently serving as the Vice Chief of the Army Staff, as the next Chief of the Army Staff in the substantive rank of General with effect from the afternoon of 30 June 2026.
An alumnus of the National… pic.twitter.com/RExcCKjWJh
— Ministry of Defence, Government of India (@SpokespersonMoD) June 13, 2026
लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) के पूर्व छात्र हैं। दिसंबर 1986 में उन्हें भारतीय सेना की प्रतिष्ठित आर्मर्ड कॉर्प्स (बख्तरबंद कोर) में कमीशन दिया गया था। 40 साल के सैन्य सफर के दौरान उन्होंने सामरिक, ऑपरेशनल और संस्थागत स्तर पर व्यापक अनुभव हासिल किया है। अपने सैन्य करियर में उन्होंने सेना के आधुनिकीकरण और युद्ध में अभूतपूर्व योगदान दिया है।
एक कुशल मिलिट्री प्रोफेशनल के तौर पर लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ ने मिलिट्री एजुकेशन में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन किया है और ट्रेनिंग कोर्स में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। वे हायर कमांड कोर्स और नेशनल डिफेंस कॉलेज के ग्रेजुएट हैं और उन्होंने पेरिस में प्रतिष्ठित कमांड एंड स्टाफ कोर्स भी किया है, जो उनके व्यापक रणनीतिक दृष्टिकोण और समकालीन मिलिट्री मामलों की समझ को दर्शाता है।
गौरतलब है, कि लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को उनकी विशिष्ठ सेवा के लिए परम विशिष्ठ सेवा मेडल (PVSM), उत्तम युद्ध सेवा मेडल (UYSM) और अति विशिष्ठ सेवा मेडल (AVSM) से सम्मानित किया जा चुका है। रिपोर्ट्स के अनुसार, रक्षा मंत्रालय द्वारा नियुक्ति संबंधी आदेश जारी कर संबंधित विभागों को आवश्यक जानकारी और आगे की प्रक्रिया के लिए सूचित कर दिया गया है।
