उधम सिंह नगर पुलिस ने किया दीपक हत्याकांड का खुलासा, (फोटो साभार: X@UdhamSNagarPol)
उधम सिंह नगर पुलिस ने किच्छा क्षेत्र में बीते दिनों हुए सनसनीखेज दीपक हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने बताया, कि 17 अप्रैल की रात को किच्छा की पुरानी गल्ला मंडी निवासी दीपक कुमार पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल दीपक को अस्पताल ले जाया गया। जहां अगले दिन 18 अप्रैल को उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा तत्काल कई टीमें गठित कर इस मामले में जांच शुरू की गई। तफ्तीश के दौरान मौका-ए- वारदात के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। साथ ही स्थानीय निवासियों से पूछताछ की गई और तकनीकी साक्ष्यों को जुटाया गया। जांच के दौरान पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे।
ऊधमसिंहनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: किच्छा क्षेत्र में हुई हत्या का आरोपी गिरफ्तार
👉🏻ऊधमसिंह नगर पुलिस ने किच्छा क्षेत्र में हुए हत्याकांड का सफल अनावरण करते हुए मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
👉🏻अभियुक्त के पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है। pic.twitter.com/LzcjdX8sSt
— Udham Singh Nagar Police Uttarakhand (@UdhamSNagarPol) April 21, 2026
इसके बाद पुख्ता साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने बीते सोमवार 20 अप्रैल को मुख्य आरोपित शिवा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। हत्यारोपी ने बताया, कि उसके और दीपक के बीच एक युवती से बातचीत को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। वारदात वाली रात बनखण्डी मंदिर के पास दोनों के बीच इसी मुद्दे को लेकर बहस हुई।
आरोपी ने बताया, उसने विवाद के दौरान गुस्से में दीपक पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने घटना के संबंध में कहा है, कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और यदि किसी अन्य शख्स की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और पूरे मामले की गहनता से जांच जारी है।
