उत्तराखंड रोडवेज
देहरादून से दिल्ली का सफर करने वाले बस यात्रियों के अच्छी खबर है। दरअसल, दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर से अब न सिर्फ उनका वक्त बचेगा, बल्कि यात्रा का खर्च भी कम होगा। उत्तराखंड परिवहन निगम (उत्तराखंड रोडवेज) ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से जाने वाले बसों का किराये में भारी कटौती की है, जिसका लाभ आम यात्रियों को मिलेगा।
गौरतलब है, कि मंगलवार 14 अप्रैल को ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 210 किमी लंबे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया गया था। इसके बाद से ही विधिवत रूप से वाहनों की आवाजाही एक्सप्रेसवे पर आरंभ हो गई है। इसी क्रम में उत्तराखंड रोडवेज ने अपनी कुछ बसों को संचालन दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से किया है, जिस कारण उन बसों के किराए में काफी कटौती गई है।
जानकारी के अनुसार, प्रथम चरण में उत्तराखंड रोडवेज दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से 16 बसों को संचालन किया जाएगा। इन 16 बसों में आठ वोल्वो, 6 एसी और दो आर्डिनरी बसे शामिल है।
#WATCH | Dehradun: Uttarakhand Transport Corporation reduces the fares on the Delhi–Dehradun Economic Corridor.
Visuals from Dehradun ISBT. https://t.co/VQN9ke9TPr pic.twitter.com/o6NonXugGI
— ANI (@ANI) April 18, 2026
उत्तराखंड रोडवेज के अधिकारियों का कहना है, कि फिलहाल दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर उन्हें अच्छा रिस्पांस मिल रहा है, जिसको देखते हुए परिवहन निगम जल्द ही वोल्वो की पांच और बसों को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से ही संचालित करेगा, ताकि यात्रियों की डिमांड के अनुसार बसों की संख्या को बढ़ाया जा सके।
बता दें, कि दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे मार्ग से बसों का संचालन करने से न सिर्फ यात्री 3 घंटे में दिल्ली पहुंच रहे हैं, बल्कि बस का खर्च भी कम आ रहा है, इसीलिए परिवहन निगम में दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे मार्ग से संचालित बसों के किराए में कटौती कर दी है।
दरअसल, देहरादून से दिल्ली जाने वाली वोल्वो बस का पहला किराया 945 था, लेकिन अब इस किराए को घटाकर 709 रुपए कर दिया गया है। इसी क्रम में उत्तराखंड रोडवेज की एसी बस का किराया जो पहले 709 रुपए था, जिसको अब घटाकर 557 रुपए कर दिया गया है। वहीं ऑर्डिनरी बस का पहले किराया 420 रुपए था, जिसे घटाकर 355 रुपए कर दिया गया है।
इस संबंध में ज्यादा जानकारी देते हुए ग्रामीण डिपो के सहायक महाप्रबंधक प्रतीक जैन ने कहा, कि जल्द ही ऑर्डिनरी बसों की संख्या में भी बढ़ोत्तरी की जाएगी। इसके साथ ही अगले एक से दो दिन में वोल्वो की पांच और बसों को एक्सप्रेसवे रूट पर संचालित किया जायेगा। जिससे देहरादून से दिल्ली जाने वाली वोल्वो की कुल बसों की संख्या 13 हो जाएगी।
