हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा,(फोटो साभार :अमर उजाला
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित दयानंद एंग्लो-वैदिक पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज में छात्र संघ समारोह के दौरान मंच से अभद्र, अश्लील और आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करने वाले हरियाणवी लोक गायक मासूम शर्मा के विरुद्ध डालनवाला कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए इस मामले में अपनी जाँच शुरू कर दी है।
देहरादून एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया, कि शनिवार 11 अप्रैल की शाम को हुई इस घटना के संबंध में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और डीएवी कॉलेज के सत्यम शिवम छात्र संगठन के छात्र प्रतिनिधि प्रांचल नौनी की तहरीर के आधार पर लोक गायक के खिलाफ कोतवाली डालनवाला में 12 अप्रैल देर रात अलग-अलग धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसएपी सिटी ने बताया, कि रविवार को कोतवाली डालनवाला में प्रांचल नौनी ने शिकायत दर्ज कराई है, कि डीएवी कॉलेज में सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक मंच से हरियाणवी लोक गायक मासूम शर्मा ने अभद्र, अश्लील और आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किए जाने के कारण वहां उपस्थित छात्र- छात्राओं एवं आम जनता की भावनाएं आहत हुई है।
उन्होंने बताया, कि तहरीर के आधार पर मासूम शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 352, 79, 351(3) के तहत मामला दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी गई है। गौरतलब है, कि डीएवी (पीजी) कॉलेज के छात्र संघ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी भी शामिल हुए थे, लेकिन मासूम शर्मा के इस प्रकरण से पहले ही सीएम धामी वहां से जा चुके थे।
बता दें, कि देहरादून के डीएवी (पीजी) कॉलेज में आयोजित छात्रसंघ समारोह उस समय विवादों में आ गया, जब हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के लाइव शो के दौरान अभद्र भाषा के इस्तेमाल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। शनिवार को हुए इस कार्यक्रम में सिंगर ने स्टेज से आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया, जिससे छात्रों और दर्शकों में नाराजगी फैल गई।
घटनाक्रम के बाद सोशल मीडिया पर भी तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। वहीं कॉलेज प्रशासन और आयोजकों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे है। लोग इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उधर, हरियाणा राज्य महिला आयोग ने भी लोक गायक मासूम शर्मा को नोटिस जारी कर 18 अप्रैल को आयोग के समक्ष उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।
Masoom Sharma को Haryana State Commission for Women ने समन जारी किया है। उन्हें 18 अप्रैल को Panchkula स्थित कार्यालय में पेश होने के निर्देश दिए गए हैं।
यह कार्रवाई सार्वजनिक मंच से कथित तौर पर महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल के मामले में की गई है। महिला आयोग ने साफ… pic.twitter.com/S4crAcrrV2
— Filmitics (@Filmitics) April 13, 2026
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया द्वारा मासूम शर्मा को भेजे गए समन में कहा गया है, कि इस प्रकार के आरोप, यदि सही पाए जाते हैं, तो यह न केवल एक सार्वजनिक व्यक्ति के आचरण पर सवाल खड़े करते हैं, बल्कि समाज में महिलाओं की गरिमा, सम्मान और मर्यादा के लिए भी गंभीर चिंता का विषय हैं।
वहीं रविवार को मासूम शर्मा ने एक वीडियो जारी कर उत्तराखंड की जनता से माफी मांगते हुए आपत्तिजनक शब्दों के कहने का कारण भी बताया। बता दें, कि मासूम शर्मा एक जाने-माने हरियाणवी गायक और संगीतकार हैं, जो पारंपरिक लोक संगीत और आधुनिक देसी पॉप के मेल के लिए जाने जाते हैं। उन्हें ‘2 नंबरी’ और ‘मैडम जी’ जैसे हिट गानों से शोहरत मिली।
