ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई,(फोटो साभार: X@UdhamSNagarPol)
ऊधम सिंह नगर जिले में ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ा एक्शन लेते हुए लगभग 71 लाख रुपये की स्मैक बरामद की है। एसएसपी अजय गणपति ने इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया, कि संयुक्त अभियान में दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, जनपद ऊधम सिंह नगर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का ऑपरेशन प्रहार लगातार तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार 7 अप्रैल को पुलिस और विभिन्न एजेंसियों की संयुक्त टीमों ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में स्मैक की बरामदगी करते हुए दो तस्करों को दबोचा है।
जिला पुलिस द्वारा पहली कार्रवाई किच्छा क्षेत्र में की गई, जहां कोतवाली किच्छा पुलिस और एएनटीएफ कुमाऊं की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध महिला को रोका। तलाशी लेने पर महिला के कब्जे से 133 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। साथ ही उसके पास से 4000 रुपये नकद भी मिले है। पूछताछ में महिला ने अपना नाम सुरेन्द्र कौर उर्फ छिन्दौ कौर (42 वर्ष) निवासी टिब्बा लालपुर बताया।
माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखंड महोदय के सख्त निर्देशों के क्रम में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत एक्शन मोड में एसएसपी अजय गणपति — करीब 71 लाख रुपये की स्मैक बरामद, 02 शातिर नशा तस्कर गिरफ्तार#UKPoliceStrikeOnCrime #udhamsinghnagarpolice pic.twitter.com/iLspgoIrZm
— Udham Singh Nagar Police Uttarakhand (@UdhamSNagarPol) April 8, 2026
पुलिस ने नशा तस्कर महिला के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं ऊधम सिंह नगर जिले में दूसरी बड़ी कार्रवाई रुद्रपुर में की गई, जहां एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और कोतवाली रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने बागवाला-रुद्रपुर-रामपुर बाईपास पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। तलाशी में उसके पास से 103.33 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पुलिस की पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम अर्जुन सिंह (26 वर्ष) निवासी कपूरपुर थाना मीरगंज जिला बरेली बताया। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया, कि वह स्मैक फतेहगंज क्षेत्र से लेकर आया था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
पुलिस कार्रवाई के दौरान कुल 236 ग्राम से अधिक स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 71 लाख रुपये बताई जा रही है। एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट संदेश दिया है, कि जिले में नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा, कि ऑपरेशन प्रहार के तहत आपराधिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
