उड़ीसा जेल से फरार 1 लाख का इनामी बदमाश गिरफ्तार, (फोटो साभार: @DehradunPolice)
रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी हत्याकांड के बाद पुलिस प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। प्रदेश में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए उत्तराखंड पुलिस ने ऑपेरशन प्रहार शुरू किया है। इसी क्रम में दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दरअसल, बिहार के कल्लू गैंग का 1 लाख रुपये का शातिर इनामी अपराधी पुलिस के हत्थे चढ़ा है।
जानकारी के अनुसार, जिला कारागार कटक (उड़ीसा) से न्यायिक अभिरक्षा से फरार आरोपी को देहरादून, टिहरी और उड़ीसा पुलिस की संयुक्त टीम ने इंद्रमणि बडोनी चौक के समीप गिरफ्तार किया। आरोपी पर उड़ीसा पुलिस ने एक लाख का इनाम घोषित घोषित कर रखा है। पुलिस का कहना है, कि आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को उड़ीसा पुलिस के सुपुर्द कर दिया जाएगा।
"#ऑपेरशन_प्रहार" के तहत #एसएसपी_दून के नेतृत्व में #दून_पुलिस को मिली बड़ी सफलता,
बिहार के कल्लू गैंग का 01 लाख का शातिर ईनामी अपराधी आया पुलिस की गिरफ्त में,
अभियुक्त 06 माह पूर्व उडीसा के जिला कारागार कटक से जेल तोडकर हो गया था फरार, pic.twitter.com/tEdjgbPn12
— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) April 1, 2026
प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने बताया, कि 34 वर्षीय राजा साहनी निवासी बेगूसराय, बिहार अक्टूबर 2025 को कटक की जिला कारागार की दीवार फांद कर न्यायिक अभिरक्षा के दौरान फरार हो गया था। आरोपी डकैती और दो हत्याओं के मामले में जेल में बंद था। उड़ीसा पुलिस लगातार आरोपी की धरपकड़ के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही थी।
इसी बीच ओडिशा पुलिस ने दून पुलिस से संपर्क किया, कि सर्विलांस में आरोपी की लोकेशन त्रिवेणी घाट दिखाई दे रही है और फरार बदमाश को एक गोल्डन रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में देखा गया है। ओडिशा पुलिस की सूचना का एसएसपी देहरादून द्वारा तत्काल संज्ञान लिया गया और बदमाश की धरपकड़ के लिए क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
इस संयुक्त अभियान में ओडिशा पुलिस को भी शामिल किया गया था। पुलिस टीमों ने सीसीटीवी कैमरों व मुखबिरों को सक्रिय कर जानकारी जुटाई। इसके बाद क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग अभियान के दौरान संदिग्ध वाहन संख्या पीबी-10-डीएन-0508 को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर नटराज चौक से टिहरी जाने वाले मार्ग पर सुमन पार्क के पास रोका।
संदिग्ध कार में पुलिस को एक महिला सहित चार लोग बैठे मिले। कार की पिछली सीट पर बैठे शख्स की पहचान उड़ीसा के पुलिसकर्मियों ने आरेापी राजा साहनी के रूप में की। जिस पर कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते आरेापी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान राजा साहनी पुत्र महेश साहनी निवासी लोदिया नगर, थाना मीरगंज, जिला बेगूसराय बिहार के तौर पर हुई है। राजा साहनी और एक अन्य सहयोगी को पुलिस ने पाणीकोइली स्थित पंडा ज्वेलरी शॉप से गिरफ्तार किया था। जहां उन्होंने डकैती को अंजाम देने के दौरान फायरिंग की थी, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी।
इस वारदात के बाद राजा साहनी न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार कटक में बंद था। वहीं 2 अक्तूबर 2025 को जब जेल कर्मचारी और अन्य कैदी दशहरा मना रहे थे, तो मौके का फायदा उठाते हुए राजा साहनी और एक अन्य कैदी जेल से फरार हो गए।
आरोपियों ने जेल की कोठरियों की लोहे की छड़ें काट दी थी और दीवार पर चढ़ने के लिए एक कंबल को रस्सी की तरह इस्तेमाल किया था। जिसके बाद ओडिशा पुलिस ने आरोपी पर एक लाख का ईनाम घोषित किया। जेल से फरार होने के बाद राजा साहनी लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था।
