(सांकेतिक चित्र)
फॉरेक्स ट्रेडिंग में ज्यादा मुनाफे का लालच देकर एक शख्स के साथ 68 लाख रुपये से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से खुद को मार्केटिंग व फॉरेक्स ट्रेडिंग कंपनी की सलाहकार बताकर पीड़ित के साथ ठगी को अंजाम दिया। मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, उधम सिंह नगर रुद्रपुर साइबर सेल में नैनीताल जिले के भीमताल क्षेत्र अंतर्गत नौकुचियाताल के बोहरा गांव निवासी एक व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो गया। पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया, कि अक्टूबर 2025 में फेसबुक के माध्यम से उसकी बातचीत रिचा सचदेवा नामक एक महिला से हुई।
महिला ने स्वयं को मार्केटिंग और फॉरेक्स ट्रेडिंग से जुड़ी ‘हैनटेक मार्केटिंग’ कंपनी की सलाहकार बताते हुए दावा किया, कि उसकी कंपनी के माध्यम से निवेश करने पर अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है। महिला ने पीड़ित को टेलीग्राम आईडी के जरिए संपर्क में रखा और एक कथित ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म से जोड़ दिया।
साइबर ठगों ने पीड़ित को विश्वास दिलाया गया, कि उसका निवेश पूरी तरह सुरक्षित है। इसके बाद पीड़ित ने अधिक मुनाफा कमाने के लालच में 23 अक्टूबर 2025 से 13 फरवरी 2026 के बीच कुल 11 अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 68,04,800 रुपये बताए गए तीन बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए।
कुछ समय बाद जब पीड़ित ने अपने निवेश की रकम निकालने की कोशिश की, तो आरोपी की ओर से टैक्स, प्रोसेसिंग फीस, एक्सचेंज चार्ज और मार्जिन मनी के नाम पर अतिरिक्त धनराशि की मांग की गई। लगातार पैसे की मांग और रकम वापस न मिलने पर पीड़ित को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ।
इसके बाद पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। साइबर थाना प्रभारी अरुण कुमार ने बताया, कि अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

