जिलाधिकारी हरिद्वार ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का लिया जायजा
हरिद्वार जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बुधवार देर रात मेला अस्पताल और महिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। अस्पताल में अचानक डीएम को देखकर डॉक्टरों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। जिलाधिकारी ने अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा भी लिया।
जानकारी के अनुसार, हरिद्वार जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने देर रात्रि उप जिला मेला चिकित्सालय और जिला महिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। डीएम ने दोनों अस्पताल में अस्पताल में बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था रखने व सभी सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
साथ ही खराब लाइटों, पेयजल व्यवस्था दूरस्त रखने और खराब वाटर कूलर को तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने महिला चिकित्सालय में एम्बुलेंस वाहन एवं 108 सेवा हर समय उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीएम ने भर्ती मरीजों एवं उनके तीमारदारों से उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी हरिद्वार ने सीएमएस को निर्देश दिए है, कि चिकित्सालय में भर्ती मरीजों को साफ स्वच्छ कंबल उपलब्ध हो, इसके लिए उन्होंने नए कंबल खरीदने के निर्देश दिए। इसके उपरांत डीएम महिला अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे और भर्ती मरीजों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। डीएम ने सभी वार्डों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने डॉक्टरों को सख्त हिदायत दी है, कि चिकित्सालय में प्रसव हेतु आने वाली महिलाओं को अनावश्यक रूप रेफर न किया जाए। उन्होंने कहा, कि चिकित्सालय में आने वाले सभी गर्भवती महिलाओं का ठीक ढंग से उपचार किया जाए।

