सांकेतिक चित्र
उत्तराखंड के बागेश्वर जिले से बेहद क्रूर घटना सामने आई है। बैजनाथ थाना क्षेत्र के जैसर गांव में 22 दिन की नवजात बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नवजात का गला दबाने की पुष्टि होने के बाद दादा की तहरीर पर मां के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, बैजनाथ थाना क्षेत्र के जैसर में नवजात बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया था। जब बच्ची की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आई, तो परिवार में हड़कंप मच गया, क्योंकि रिपोर्ट में डॉक्टरों ने पुष्टि की है, कि बच्ची की मौत गला दबाने से हुई थी। इसके बाद पुलिस ने दादा की तहरीर पर मां के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस उपाधीक्षक बागेशवर अजय शाह ने बताया, कि केशर सिंह द्वारा थाना बैजनाथ में तहरीर देकर अवगत कराया है, कि उनकी बहू द्वारा अपनी 22 दिन की बच्ची की निर्मम हत्या कर दी गयी है, जिसके बाद आज थाने में मुकदमा पंजीकृत कर दिया है। उन्होंने बताया, कि पुलिस पूरे मामले में विधिक कार्रवाई कर रही है।
इस घटना से परिवार के सदस्य सदमे में है। मृतक बच्ची के दादा केशर सिंह ने बताया, कि उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा विदेश में नौकरी करता है, जबकि छोटा बेटा घर के कामों में माता-पिता का हाथ बंटाता है। उनके बड़े बेटे की शादी अप्रैल 2025 में हुई थी। शादी के तीन महीने तक सबकुछ सामान्य रहा, लेकिन उसके बाद बहू छोटी-छोटी बातों पर कलेश करने लगी।
केसर सिंह के अनुसार, बहू के माता-पिता ने भी बेटी का पक्ष लेते हुए तांत्रिकों के कहने पर कई आरोप लगाए, जिससे घर में कलह-अशांति रहने लगी। घर में बच्ची के जन्म के बाद भी बहू का छोटी-छोटी बातों पर सास-ससुर से विवाद जारी रहा। बेटे की पत्नी के व्यवहार से तंग ससुर केशर सिंह ने पुलिस अधीक्षक बागेश्वर को पुत्रबधु के खिलाफ एक शिकायती पत्र भी दिया था।
गृह कलेश को लेकर महिला हेल्प लाइन में काउंसलिंग चल रही थी, लेकिन बहू उपस्थित नहीं हुई, बल्कि फोन के माध्यम से सास-ससुर पर ही झूठी शिकायत कर दी। घटना की सुबह वन स्टॉप सेंटर के कर्मचारी घर आये और सास-ससुर व बहू की काउंसलिंग करवाई गयी, जिसमें बहू ने अपने सास-ससुर से अलग रहने-खाने का लिखित में कथन किया।
इस पर सास ससुर द्वारा अलग रहने-खाने के लिए बहू के मुताबिक कमरा दे दिया, लेकिन उसी शाम को ये घटना घटित हो गई।
शक होने पर नवजात बच्ची के दादा केशर सिंह ने पुलिस से शव का पोस्टमॉर्टम कराये जाने का अनुरोध किया। जिसके बाद इस खौफनाक वारदात का खुलासा हुआ।

