CM धामी ने सरकारी कार्यालयों की सुरक्षा के लिए SOP बनाने के दिए निर्देश
बेसिक शिक्षा निदेशक पर हुए हमले पर कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग को लेकर उत्तराखंड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक मोर्चा के पदाधिकारियों ने सोमवार (28 फरवरी 2026) को सीएम धामी से मुलाकात की। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सरकारी कार्यालयों और कार्यस्थलों पर अधिकारी- कर्मचारी और शिक्षकों की सुरक्षा के लिए मुख्य सचिव को SOP बनाने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक मोर्चा के पदाधिकारियों ने सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष 21 फरवरी को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हुई घटना के साथ ही हाल के समय में अन्य स्थानों पर सरकारी अधिकारी- कर्मचारियों के साथ हुई घटनाओं का उल्लेख करते हुए ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की।
पदाधिकारियों के साथ वार्ता के दौरान सीएम धामी ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा, कि सरकार कार्मिकों के मान – सम्मान और सुरक्षा को लेकर हमेशा गंभीर रही है। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को फोन कर अधिकारी, कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा के लिए SOP तैयार करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस महानिदेशक को भी निर्देश दिए हैं, कि सरकारी कार्यालयों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, साथ ही इस तरह की घटनाओं पर त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाए, उन्होंने एसएसपी देहरादून को भी शिक्षा निदेशालय में हुई घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

