सांकेतिक चित्र
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज पल-पल बदल रहा है। ज्यादातर पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बौछारों के चलते मौसम खुशनुमा बना हुआ है। जबकि मैदानी क्षेत्रों में तेज बारिश और आंधी-तूफान ने जीना मुहाल कर दिया है। वहीं मंगलवार को भी राज्य के पर्वतीय इलाकों में अंधड़, तेज बारिश और आकाशीय बिजली चमकने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, देहरादून समेत टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ इलाकों में तेज गर्जन, बारिश, बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों के कुछ क्षेत्रों में भी तेज दौर की बारिश और ओलावृष्टि होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 3500 मीटर और उससे अधिक के उच्च हिमालयी इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है। मौसम विभाग ने रविववार 10 मई तक उत्तराखंड में मौसम खराब रहने की संभावना व्यक्त की है।
— Meteorological Centre Dehradun (@mcdehradun) May 5, 2026
वहीं ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने संबंधित जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ ही राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखने के लिए कहा गया है।
गौरतलब है, कि इन दिनों उत्तराखंड में मौसम सुहावना बना हुआ है। लगातार हो रही बारिश से जहां पहाड़ी क्षेत्रों और चारधाम में ठंड बढ़ गई है, वहीं मैदानी इलाकों को भी गर्मी से राहत मिली है। बीते सोमवार को देहरादून में तेज हवाओं के साथ अचानक बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई और मौसम ठंडा हो गया।
