सांकेतिक चित्र
उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में एक बच्चे को मामूली बात पर गोली मारने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। दरअसल, एक नामकरण समारोह के दौरान शराब में मिलाने के लिए पानी लाने से मना करने पर 9 साल के बच्चे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, एक छोटी-सी बात पर भड़के गुस्से का खौफनाक अंजाम निकला। इस घटना ने पूरे इलाके के लोगों को झकझोर कर रख दिया है। आरोप है, कि सोरों थाना क्षेत्र के नगला बीच मीरापुर निवासी धनेश यादव ने पास में खड़े सुखवीर सिंह के नौ वर्षीय पुत्र यश से शराब के लिए पानी लाने को कहा, लेकिन बच्चे ने पानी लाने से मना कर दिया।
बताया जा रहा है, कि बस इतनी सी बात आरोपी को इतनी नागवार गुजरी, कि उसने आपा खो दिया और गुस्से में 315 बोर के तमंचे से यश पर गोली चला दी। गोली लगते ही बालक बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल बच्चे को तत्काल जिला अस्पताल कासगंज ले जाया गया।
जहां बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। बीते शनिवार की दोपहर उपचार के दौरान बच्चे ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक यश गांव के किसान मांटेसरी पब्लिक स्कूल में कक्षा दो का छात्र था।
दिनांक 01.05.2026 की रात्रि में थाना सहावर क्षेत्रान्तर्गत नामकरण संस्कार के दौरान 09 वर्षीय बालक की गोली मार कर हत्या कर देने की घटना में वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी के सम्बन्ध में क्षेत्राधिकारी सहावर सुश्री शाहिदा नसरीन द्वारा दी गई बाइट- pic.twitter.com/oOS0haKaId
— KASGANJ POLICE (@kasganjpolice) May 2, 2026
सीओ सहावर शाहिदा नसरीन ने बताया, कि आरोपी नामकरण संस्कार में शामिल होने आया था। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। पूछताछ में सामने आया, कि पानी न लाने की बात पर आरोपी ने गुस्से में आकर गोली चला दी।
