भगवानपुर में पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़, (फोटो साभार: X@haridwarpolice)
हरिद्वार जिले से बड़ी खबर सामने आई है। भगवानपुर क्षेत्र में देर रात पुलिस और गो-तस्कर के बीच मुठभेड़ में कुख्यात छोटू के पैर में गोली लग गई। वहीं, उसका साथी कालू अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकला। पुलिस टीम ने घायल गो-तस्कर को उपचार के लिए रुड़की सिविल अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात भगवानपुर क्षेत्र उस वक्त गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा, जब पुलिस और बदमाशों के बीच आमने-सामने की मुठभेड़ हो गई। एसपी देहात अभय सिंह ने बताया, कि आरोपी से एक तमंचा, गौकशी के उपकरण और एक बछड़ा बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी की पहचान छोटू पुत्र संसार उर्फ शमशाद, निवासी ग्राम हलजोरा, थाना भगवानपुर, उम्र करीब 36 वर्ष के रूप में हुई है। आरोपी सिकरोड़ा गांव के पास स्थित आम के बाग में गोकशी की घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। आरोपी छोटू वहां अपने साथी कालू का इंतजार कर रहा था।
अभी-अभी की बड़ी खबर
🔴 भगवानपुर पुलिस एवं गो तस्कर के बीच हुई मुठभेड़, पुलिस की कांबिंग जारी
💥 जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में लगी गोली हुआ घायल
🚑 घायल बदमाश को पुलिस टीम द्वारा उपचार के लिए रुड़की अस्पताल मैं किया गया भर्ती
#Encounter #gautaskar https://t.co/1h2POKEtXV— Haridwar Police Uttarakhand (@haridwarpolice) November 10, 2026
सूचना पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी शुरू कर दी। सघन चेकिंग के दौरान भगवानपुर पुलिस टीम ने जब बदमाशों को रुकने का इशारा किया, तो खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। इसके बाद पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा।
घायल बदमाश छोटू को पुलिस सुरक्षा के बीच रुड़की अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आरोपी के फरार साथी कालू की तलाश में पुलिस की टीमें जंगलों और संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ कांबिंग चला रही है।
हरिद्वार एसपी देहात अभय सिंह का कहना है, कि गो-तस्करी के आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के आपराधिक इतिहास और उसके फरार साथी कालू की तलाश समेत मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
