पुलिस की गिरफ्त में दुष्कर्म का आरोपी, (फोटो साभार: X@haridwarpolice)
रुड़की स्थित पिरान कलियर में पांच वर्षीय मासूम के साथ हुए दुष्कर्म मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस की गिरफ्त में आया आरोपित वारदात को अंजाम देने के बाद दिल्ली भाग गया था। पुलिस ने लगभग एक महीने की जांच के बाद आरोपित को अब्दाल साहब रोड़ से इमलीखेड़ा की तरफ जाने वाली सड़क से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, 7 अक्टूबर को यूपी के मोतीचूर बहराईच निवासी शख्स ने कोतवाली पिरान कलियर में दी तहरीर में बताया था, उसका परिवार करीब चार बच्चों के साथ एक माह से रैन बसेरे में ठहरा हुआ था। मंगलवार रात करीब दस बजे बच्ची रैन बसेरे से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई।
उस समय परिवार के लोग आसपास ही थे। बच्ची के गायब होने की जानकारी मिलने पर परिजनों ने आसपास के क्षेत्र में रातभर उसकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे बच्ची बदहवास हालत में वापस लौटी। उसने दुष्कर्म की घटना की जानकारी दी।
05 वर्षीय मासूम से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
🔹 करीब एक माह तक लगातार प्रयास के बाद पुलिस को मिली बड़ी सफलता।
🔹 मासूम के साथ दरिंदगी करने के बाद आरोपी फरार होकर पहुंचा था दिल्ली।
🔹 चॉकलेट दिलाने का लालच देकर बच्ची को अकेले में बुलाया और वारदात को दिया अंजाम।
#POCSOAct https://t.co/WOFtHnyXvf— Haridwar Police Uttarakhand (@haridwarpolice) November 6, 2026
पुलिस ने तहरीर के आधार पर तत्काल मामले में संबंधित धसराओं में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया, उधर, दूसरी ओर बच्ची के साथ हुई इस घटना का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह द्वारा जांच के लिए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पिरान कलियर मनोहर भंडारी के नेतृत्व में टीम गठित की।
पुलिस ने बच्ची के पिता द्वारा उपलब्ध कराये गए कुछ संदिग्धों के फोटो और नाम के आधार पर सत्यापन करते हुए हुलिये से मिलते हुए लोगों की तलाश में बाजार में लगे लगभग 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की गहनता से जांच की। पीड़ित बच्ची के बताए गए हुलिये के अनुसार संदिग्ध का स्केच बनाकर भी आरोपित की तलाश तेज की।
करीब एक महीने बाद पुलिस टीम द्वारा कलियर से लगभग दो किलोमीटर आगे पुलिया के पास से सिकंदर उर्फ जमीं खान निवासी पुराना रामपुर रोड़ शाहबाद थाना शाहबाद जिला रामपुर उत्तर प्रदेश, हाल निवासी हज कमेटी के पास झुग्गी झोपड़ी कलियर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस ने जब संदिग्ध से सख्ती से पुछताछ की, तो उसने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया, कि करीब एक महीने पहले उसने कलियर टीन शेड के पास एक बच्ची को अकेले देख उसे चॉकलेट दिलाने का लालच दिया। जिसके बाद उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ कलियर के एक खंडर में ले गया।
आरोपित ने बच्ची को बारिश रूकने पर चॉकलेट दिलाने का भरोसा दिलाकर खंडर के अंदर दुष्कर्म किया और किसी को न बताने की बात कही। वहीं बच्ची के बेहोश होने पर आरोपित उसे गमछे पर लेटा दिया और मौके से फरार हो गया। पकड़े जाने के डर से आरोपित ने अगली सुबह अपनी झुग्गी हटा दी और दिल्ली भाग गया।
