सांकेतिक चित्र
नशे की लत ने बेटे को इस कदर अंधा कर दिया, कि रुपये नहीं मिलने पर उसने अपने पिता को मौत के घाट उतार दिया।सोमवार शाम नशे के लिए रुपये मांगने को लेकर शुरू हुए विवाद में नशेड़ी ने पिता पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम करीब 7:15 बजे 112 के माध्यम से सूचना मिली, कि चलांग कुल्हन निवासी मदन राणा (62) को उनके बेटे नितिन राणा (35) ने चाकू मारकर घायल कर दिया है। सूचना पर राजपुर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
गंभीर रूप से घायल मदन राणा को 108 एंबुलेंस से कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया, कि नशे का आदी नितिन राणा अपने भांजे ऋषभ रावत से नशे के लिए रुपये मांग रहा था। रुपये देने से इंकार करने पर आरोपी ने दरांती से भांजे पर हमला कर दिया।
इस दौरान ऋषभ ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई। इसी दौरान नितिन के पिता बीच-बचाव करने पहुंचे। मदन राणा द्वारा बेटे को रोकने और समझाने से गुस्साए नितिन ने उन पर चाकू से वार कर दिया। हमले में मदन राणा गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
थाना प्रभारी पीडी भट्ट ने बताया, कि घटना के बाद पुलिस ने आरोपी नितिन को मौके से हिरासत में ले लिया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। वहीं नशे की लत और रुपये को लेकर शुरू हुए विवाद में पिता की हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
