सांकेतिक चित्र (फोटो साभार: Gemini Canvas /canva) AI
जनपद हरिद्वार के लक्सर कोतवाली क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न और तीन तलाक का गंभीर मामला सामने आया है। निकाह के 17 साल बाद दहेज की मांग और प्रताड़ना ने महिला को झकझोर कर रख दिया है। पीड़िता का आरोप है, कि उसके शौहर ने तीन तलाक देकर उसे घर से बाहर निकाल दिया।
जानकारी के अनुसार, एक महिला ने पति समेत ससुराल पक्ष के सात सदस्यों के खिलाफ पुलिस में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुस्लिम महिला (विवाह अधिकार संरक्षण) अधिनियम, 2019 समेत दहेज उत्पीड़न, मारपीट और धमकी देने की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया, कि उसका निकाह करीब 17 वर्ष पूर्व हरिद्वार जनपद निवासी युवक के साथ हुआ था। निकाह के समय मायके पक्ष ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दहेज दिया, लेकिन कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोग कम दहेज लाने का ताना देकर उसे प्रताड़ित करते थे।
महिला के मुताबिक, उसके तीन बच्चे है, दो बेटियों को जन्म देने के बाद ससुराल वालों का व्यवहार उसके प्रति और अधिक खराब हो गया। इसके बाद उसके साथ जो हुआ, उसने उसकी जिंदगी पूरी तरह बदल दी। ससुराल में उसे लगातार ताने, अपमान और मानसिक प्रताड़ना सहनी पड़ी।
महिला के अनुसार, लोकलाज और बच्चों के भविष्य को देखते हुए वह इतने वर्षों तक सब कुछ सहती रही और उसने किसी से शिकायत नहीं की, लेकिन बीती 9 नवंबर को विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। आरोप है, कि उस दिन पति, सास , देवर, देवरानी और ननद ने उसके साथ मारपीट की।
महिला ने आरोप लगाया है, कि उसके पति ने पहले उसके साथ मारपीट की और कहा, कि वह किसी अन्य महिला से शादी करेगा, जिसके साथ उसका अफेयर चल रहा है। इसके बाद पति ने उसे तीन तलाक दे दिया। आरोप है, कि उसे पहने हुए कपड़ों में ही घर से निकाल दिया और दोबारा घर आने पर जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद महिला ने हिम्मत जुटाकर लक्सर कोतवाली पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दी। गौरतलब है, कि लक्सर कोतवाली क्षेत्र में यह पहला मामला नहीं है, दरअसल इससे पहले भी ऐसे कई मामले आ चुके हैं, जिसमें पुलिस प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की गई है।
लक्सर कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया, कि पीड़ित महिला की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पीड़िता के बयान दर्ज कर रही है और सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
