बंगाल में BJP की जीत के बाद आसनसोल में दशकों बाद खुले प्राचीन दुर्गा मंदिर के कपाट (फोटो साभार :@NewsLineTelugu)
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत ने ममता बनर्जी के 15 वर्षो के शासन का अंत कर दिया है। भाजपा 206 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। भाजपा की शानदार जीत के बाद राज्य-भर में समर्थकों के बीच खुशी की लहर है। वहीं इस बड़ी जीत के बाद आसनसोल में कई बरसों से बंद पड़े मंदिर को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, आसनसोल में बरसों से बंद पड़ा माँ दुर्गा जी का मंदिर सोमवार (4 मई 2026) को भक्तों के लिए खोल दिया गया है। पश्चिम बंगाल में राजनीतिक बदलाव के बाद मंदिर के द्वार खुलने की घटना को एक बड़े प्रतीकात्मक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। चुनाव परिणाम आने के बाद स्थानीय लोगों ने मिलकर मंदिर परिसर की साफ-सफाई की और विधि-विधान से पूजा-अर्चना शुरू की।
बताया जा रहा है, कि आसनसोल उत्तर से बीजेपी के निर्वाचित विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने चुनाव प्रचार के दौरान स्थानीय हिंदू जनता से वादा किया था, कि इलेक्शन में जीत मिलते ही वह बंद मंदिर को पुनः खुलवाएँगे। इसी क्रम में सोमवार को जैसे ही भाजपा की जीत सुनिश्चित हुई, विधायक जी स्वयं मंदिर पहुँचे और वर्षो से बंद मंदिर के कपाट खुलवाए।
मंदिर के बंद दरवाजे खुलने के बाद स्थानीय निवासियों का कहना है, कि वे एक लंबे वक्त से इस क्षण की प्रतीक्षा कर रहे थे, क्योंकि यह मंदिर उनकी आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। दरअसल, स्थानीय विवादों और प्रशासनिक पाबंदियों की वजह से यह मंदिर सालों से श्रद्धालुओं के लिए बंद था। यह मंदिर साल में केवल दुर्गा पूजा एवं लक्ष्मी पूजा जैसे प्रमुख त्योहारों के दौरान ही सीमित अवधि के लिए खोला जाता था।
#WATCH | A Durga temple, managed by the Shri Shri Durgamata Charitable Trust in West Bengal's Asansol, reopened to devotees after remaining shut for several years.
BJP leader Agnimitra Paul won the Asansaol Dakshin seat with a margin of 40,839 votes. pic.twitter.com/CojN84s6mp
— ANI (@ANI) May 5, 2026
इसी वजह से मंदिर में नियमित रूप से पूजा नहीं हो पाती थी, जिससे स्थानीय निवासियों के बीच असंतोष बना हुआ था। हालांकि, जैसे ही बीजेपी के उम्मीदवार कृष्णेंदु मुखर्जी ने चुनाव में जीत दर्ज की, वे सीधे बस्तिन बाजार स्थित मंदिर पहुंचे और विधिवत पूजा-अर्चना कर मंदिर के कपाट खोल दिए गए। वहीं मंदिर के कपाट खुलते ही बीजेपी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने मिलकर जयकारे लगाए।
गौरतलब है, कि पश्चिम बर्धमान जिले की सभी 9 सीटों पर BJP ने कब्जा किया है, जिससे समर्थकों में जबरदस्त उत्साह है। वहीं चुनाव में बीजेपी ने 294 सीटों में से 206 सीटें जीतकर बंगाल में बड़ा खेला कर दिया है। वहीं टीएमसी 81 सीटों पर सिमट गई है। फिलहाल, इस ताजा घटनाक्रम को क्षेत्र में राजनीतिक बदलाव के साथ-साथ सामाजिक माहौल में आए परिवर्तन के तौर पर भी देखा जा रहा है।
