गंगोत्री धाम
कार्तिक माह की अन्नकूट (गोवर्धन पूजा) के दिन पूर्ण विधि-विधान के साथ गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद हो गए है। इस दौरान धाम ‘हर-हर गंगे’ और ‘जय मां गंगे’ के जयकारों से गूंज उठा।
विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट 12 बजकर 05 मिनट पर बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के बाद मां गंगा अपने मायके मुखबा में श्रद्धालुओं को दर्शन देंगी।
गंगोत्री धाम के कपाट विधि-विधान से शीतकाल के लिए बंद, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 12 बजकर 5 मिनट पर बंद हुए कपाट, मां गंगा की डोली मुखबा के लिए रवाना।
@DDNewsHindi
@airnews_ddn#GangotriDham #GangotriTemple #गंगोत्रीधाम #मांगंगा #कपाटबंद #शीतकालीनप्रवास #मुखबा #Uttarakhand https://t.co/0yrWRkIJzk
— DD NEWS UTTARAKHAND (@DDnews_dehradun) November 10, 2026
कपाट बंद होने के बाद मां गंगा की चल विग्रह डोली आर्मी के बैंड एवं पारंपरिक वाद्य यंत्रों की स्वरलहरियों तथा ‘गंगा मैया की जय’ के उद्घोष के साथ शीतकालीन प्रवास मुखबा (मुखीमठ) के लिए रवाना हुईं। इस अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु धाम में उपस्थित रहे।
गंगोत्री धाम में प्रातः काल से ही मंत्रोच्चारण के साथ कपाट बंद किये जाने के लिए पूजन और अनुष्ठानों का दौर शुरू हो गया। वहीं तीर्थ पुरोहितों ने घाट पर मां गंगा का अभिषेक व आरती के साथ ही मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की।
गंगोत्री धाम के तीर्थ पुरोहित राजेश सेमवाल ने बताया, कि गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने के बाद मां गंगा की उत्सव डोली रात्रि विश्राम के लिए मार्कंडेयपुरी देवी मंदिर में ठहरेगी। यहां रातभर भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठान होंगे। इसके बाद बुधवार को डोली मुखबा गांव पहुंचेगी, जहां अगले छह माह तक मां गंगा की पूजा-अर्चना और दर्शन होंगे।
गौरतलब है, कि गंगोत्री धाम के कपाट भले ही बंद हो जाएंगे, लेकिन मंदिर में तांबे के एक बड़े दीपक में अखंड जोत जलती रहेगी। इस दीपक में पर्याप्त तेल भरकर अखंड ज्योति प्रज्वलित की जाती है। जब अगले वर्ष अक्षय तृतीया पर धाम के कपाट खुलेंगे, तो वह अखंड जोत जलती हुई मिलती है।
वहीं दूसरी ओर यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होने की तैयारी भी पूरी हो गई है। मां यमुना की शीतकालीन यात्रा की तैयारी के बीच यमुनोत्री धाम और खरसाली गांव स्थित यमुना मंदिर को 11 क्विंटल फूलों से सजाया जा रहा है। भैयादूज पर मां यमुना को लेने उनके भाई शनि देव यमुनोत्री धाम पहुंचेगे। जिसके बाद मां यमुना की उत्सव डोली खरसाली गांव में आएंगी।
बता दें, कि गंगोत्री समेत सभी धामों में 6 माह पूजा-अर्चना का अवसर नर यानी मनुष्यों को मिलता है। वहीं 6 महीने नारायण यानी स्वयं भगवान मां गंगा की पूजा-अर्चना के लिए धाम पहुंचते है। यही कारण है, कि शीतकाल के 6 माह गंगोत्री धाम पहुंचना आसान नहीं होता है।
गंगोत्री धाम की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस के कुछ जवान व मंदिर समिति के चार चौकीदार तैनात रहते है। इस वर्ष कपाट खुलने से लेकर अब तक दस लाख से अधिक श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन कर चुके है।
