CM धामी ने सेना के जवानों से की मुलाकात, (चित्र साभार: X@DIPR_UK)
दीपोत्सव के पावन अवसर पर पूरे देश में हर्षोल्लास का माहौल रहा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समस्त प्रदेशवासियों को दीपावली की बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा, कि प्रकाश का यह महापर्व सभी नागरिकों के जीवन में अपार सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और रिद्धि-सिद्धि लेकर आए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीपावली का पर्व अपने परिवार के साथ मुख्यमंत्री आवास में हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी गीता धामी और दोनों पुत्र भी मौजूद रहे। सीएम धामी ने कहा, कि दीपावली केवल दीपों का त्योहार नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारिवारिक मूल्यों, आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता का प्रतीक है।
दीपावली के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री ने शासकीय आवास से लौटते समय गढ़ी कैंट क्षेत्र में सेना के जवानों को देखकर अपना काफिला रुकवाया और उनसे आत्मीय मुलाकात कर दीपावली की शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने जवानों से बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा मिठाई और शुभकामनाओं के माध्यम से पर्व की खुशियां सांझा की।
सीएम धामी ने कहा, कि देश की सीमाओं की सुरक्षा और राष्ट्र की अखंडता बनाए रखने के लिए हमारे वीर सैनिक दिन-रात पूरी निष्ठा, समर्पण और अदम्य साहस के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। उनके सतर्क पहरे और अटूट संकल्प के कारण ही देशवासी सुरक्षित वातावरण में अपने त्योहार मना पाते हैं।
शासकीय आवास लौटते हुए गढ़ी कैंट में सेना के जवानों को देखकर काफिला रुकवाया और उनसे मुलाकात कर उन्हें दीपावली के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी।
देश की सुरक्षा के लिए हमारे वीर जवान दिन-रात पूरी निष्ठा, समर्पण और अदम्य साहस के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं, ताकि देशवासी सुरक्षित वातावरण में अपने त्योहार मना सकें। राष्ट्र के प्रति उनका त्याग और समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
माँ भारती के इन वीर सपूतों के शौर्य, साहस और समर्पण को कोटिशः नमन।
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) November 8, 2026
उन्होंने कहा, कि माँ भारती की सेवा में समर्पित हमारे सैनिकों का त्याग, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यनिष्ठा प्रत्येक देशवासी के लिए प्रेरणास्रोत है। त्योहारों के अवसर पर जब पूरा देश अपने परिवारों के साथ खुशियां मनाता है, तब हमारे अनेक वीर जवान अपने घर-परिवार से दूर रहकर राष्ट्र की सुरक्षा में तैनात रहते हैं। उनका यह समर्पण हम सभी के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।
मुख्यमंत्री ने माँ भारती के इन वीर सपूतों के शौर्य, साहस और समर्पण को नमन करते हुए कहा, कि सैनिकों का सम्मान और उनके प्रति कृतज्ञता प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। मुख्यमंत्री ने जवानों के सुखद, स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन की कामना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्रसेवा के संकल्प को नमन किया।
उन्होंने कहा, कि उत्तराखण्ड वीरभूमि है और यहां के युवाओं की भारतीय सेना में गौरवशाली परंपरा रही है। प्रदेश का प्रत्येक नागरिक अपने सैनिकों और उनके परिवारों पर गर्व करता है। सैनिकों का साहस, त्याग और राष्ट्रप्रेम आने वाली पीढ़ियों को भी देशसेवा के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा।
