बुधवार (11 नवंबर 2026) को भैया दूज के पावन अवसर पर प्रातः 8:30 बजे विश्व प्रसिद्ध भगवान केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। अब अगले छह महीने बाबा केदार की पूजा-अर्चना ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में की जाएगी। कपाट बंद होने के दौरान धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
बाबा केदार के धाम में भारतीय सेना के बैंड की भक्तिमय स्वर लहरियों के बीच बाबा के जयकारों से पूरा परिसर गूंजता रहा। इस दौरान बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर, पुलिस उपाधीक्षक अवनी तिवारी सहित प्रशासन और पुलिस के अधिकारी उपस्थित रहे।
‼️आज केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए हुए बंद… https://t.co/WVlRpGmFgw
— Rudraprayag Police Uttarakhand (@RudraprayagPol) November 11, 2026
बुधवार को परंपरानुसार भगवान आशुतोष के ग्याहरवें ज्योतिर्लिंग श्रीकेदारनाथ धाम के कपाट प्रातः 8.30 बजे सम्पूर्ण विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए है। सुबह ठीक छह बजे वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ समाधि पूजा संपन्न हुई।
मुख्य कपाट बंद होने के बाद बाबा केदार के जयकारों के साथ डोली यात्रा ने गौरीकुंड के लिए प्रस्थान किया। डोली पैदल यात्रा के प्रथम दिन आज रामपुर पहुंचेगी। जबकि इसके बाद गुप्तकाशी और फिर ऊखीमठ पहुंचेगी। उखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में बाबा की उत्सव डोली को मंदिर में विराजमान किया जाएगा।
बता दें, कि इस वर्ष केदारनाथ धाम की यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखने को मिला। कपाट बंद होने तक 19 लाख 14 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं।
