सांकेतिक चित्र (फोटो साभार: X@IndiaTodayNE)
पश्चिम बंगाल राज्य के अलीपुरद्वार जिले स्थित बक्सा टाइगर रिजर्व में महत्वाकांक्षी ‘टाइगर रीइंट्रोडक्शन’ कार्यक्रम के सामने एक नई चुनौती खड़ी हो गई है। सिर्फ चार दिन पहले असम के रायमोना इलाके से वापस लाई गई तीन साल की बाघिन रविवार दोपहर अपने एक्लिमटाइजेशन एन्क्लोजर से फिर फरार हो गई।
जानकारी के अनुसार, बक्सा टाइगर रिजर्व की बाघिन, जिसे BTR TF-1 के नाम से जाना जाता है। उसने यह साबित कर दिया है, कि बाघ भी सुरंग खोद सकते हैं। उल्लेखनीय है, कि कंक्रीट की दीवारों से घिरे एक सुरक्षित बाड़े में रखे जाने के बावजूद, बाघिन दीवार के नीचे जमीन में सुरंग खोदकर एक बार फिर भागने में कामयाब रही।
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, बाघिन को पड़ोसी राज्य असम में करीब 10 दिन तक चलाए गए अभियान के बाद 3 नवंबर को उसे बक्सा वापस लाया था, लेकिन वह दोबारा फरार हो गई। दरअसल, यह बाघिन पहले 4 अक्टूबर को भी भाग चुकी थी और पिछले 34 दिनों में उसे तीसरी बार ट्रैंक्विलाइज करना पड़ा।
जैसे ही यह खबर सामने आई, कि बाघिन अपने बाड़े से बाहर निकल गई है, एक खोज अभियान शुरू कर दिया गया। उसकी हाई-फ्रीक्वेंसी वाले रेडियो कॉलर से मिलने वाले संकेतों के आधार पर उसकी तलाश के लिए करीब 60 प्रशिक्षित वन कर्मियों को जंगल में तैनात किया गया।
बाघिन को खोजने के कार्य में भरत, सारथी और विट्टल नाम के तीन कुमकी (प्रशिक्षित) हाथियों को भी लगाया गया है। विभाग के अधिकारियों का मानना है, कि बाघिन किसी ‘शेडो ज़ोन’ में प्रवेश कर गई होगी, जिससे रेडियो कॉलर के सिग्नल बंद हो गए हैं।
बताया जा रहा है, कि इस चालाकी से भाग निकलने की घटना जो उसके पिछले पलायन के ठीक पांच दिन बाद हुई है, इसने बक्सा टाइगर रिजर्व में तैनात अधिकारियों के बीच हड़कंप मचा दिया है। वन अधिकारी भी हैरान हैं, कि कैसे बाघिन उनकी कड़ी निगरानी से बच निकली?
Forest officials believe that the tigress may have formed a bond with a male tiger while in the forests of Assam.
Full Story: https://t.co/zzAidTBpzS
#BuxaTigerReserve #TigressEscape #WildlifeNews #WestBengalTourism https://t.co/4MBRyTAoVY
— ETV Bharat (@ETVBharatEng) November 9, 2026
कुछ वन अधिकारियों का अनुमान है कि असम के जंगलों में रहने के दौरान उसने एक नर बाघ के साथ मेल-जोल बना लिया होगा। संभव है, कि वह उसी नर बाघ द्वारा छोड़ी गई गंध का पीछा करते हुए वापस असम की ओर आकर्षित हो रही हो। अधिकारियों को संदेह है, कि वह नर बाघ भी बक्सा जंगल में अक्सर आता-जाता रहता है।
फिलहाल वन विभाग के अधिकारियों के लिए उसकी सटीक स्थिति का पता लगाना एक बड़ी चुनौती बन गया है। वहीं बाघिन का बक्सा के जंगलों को छोड़कर महज पांच दिन बाद ही असम की तरफ भाग जाना वन विभाग के लिए एक बड़ी पहेली बन गया है।
