CM धामी की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासकीय आवास में मंगलवार देर रात तक प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में गृह सचिव, गढ़वाल एवं कुमाऊँ मंडल के आयुक्तों तथा दोनों पुलिस परिक्षेत्रों के पुलिस महानिरीक्षकों सहित संबंधित वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।
लगभग चार घंटे की मैराथन बैठक में प्रदेश में विकास कार्यों की प्रगति, जनसुविधाओं, कानून-व्यवस्था, आगामी त्योहारों की तैयारियों, आपदा प्रबंधन, निर्वाचन संबंधी कार्यों, जिला योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और हरिद्वार कुंभ-2027 की तैयारियों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई।
सीएम धामी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए, कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप सभी कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और परिणामोन्मुखी तरीके से पूरे किए जाएं। जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनावश्यक विलंब अथवा जिम्मेदारी से बचने की प्रवृत्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए, कि सड़कों का स्थलीय निरीक्षण कर लंबित मरम्मत कार्यों को तत्काल शुरू कराया जाए। सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के अभियान में तेजी लाते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण किए जाएं।
शासकीय आवास पर प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक में विकास कार्यों, जनसुविधाओं, कानून-व्यवस्था, आगामी त्योहारों की तैयारियों, आपदा प्रबंधन और कुंभ मेला-2027 की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं तथा जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के कार्यों में तेजी लाई जाए, सीवर एवं पेयजल पाइपलाइन के अधूरे कार्य एक नवंबर तक पूर्ण कर सड़कों की तत्काल मरम्मत की जाए। साथ ही स्वच्छता व्यवस्था प्रभावी बनाने, राजस्व मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने, पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने तथा पुलिस थानों में आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सड़कों की स्थिति और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का स्थलीय निरीक्षण करने के लिए स्वयं भी सड़क मार्ग से प्रदेश का भ्रमण करूंगा। कहीं भी लापरवाही, गुणवत्ताविहीन कार्य या अनावश्यक देरी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कुंभ मेला-2027 की तैयारियों की साप्ताहिक समीक्षा, आपदा प्रभावितों को तत्काल राहत, दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम तथा विकास कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) October 13, 2026
उन्होंने कहा, “मैं स्वयं भी बहुत जल्द पूरे प्रदेश का दौरा सड़क मार्ग से करूंगा। यदि कहीं भी सड़क टूटी हुई मिली या मरम्मत कार्य में लापरवाही सामने आई, तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी”। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केवल कागजों पर प्रगति दिखाने के बजाय धरातल पर कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।
सीएम धामी ने सीवर एवं पेयजल पाइप लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की स्थिति पर गंभीरता से ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, कि अधूरे कार्यों को एक नवंबर तक पूर्ण कर खोदी गई सड़कों की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित की जाए। आगामी त्योहारों को देखते हुए बाजारों, आवासीय क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर विशेष ध्यान दिया जाए।
मुख्यमंत्री ने सभी नगर निगमों, नगर पालिकाओं और अन्य नगरीय निकायों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। राजस्व से संबंधित मामलों के निस्तारण में मुख्यमंत्री ने अनावश्यक विलंब पर रोक लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि पटवारी और तहसीलदार अपने स्तर पर मामलों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के अंतर्गत मतदाता सूची से संबंधित कार्यों पर विशेष ध्यान देने, जिला योजना के अंतर्गत सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराए जाने, पुलिस व्यवस्था को अधिक जवाबदेह, संवेदनशील और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
सीएम धामी ने नवरात्र और आगामी दीपावली पर्व के दृष्टिगत प्रदेशभर में सुरक्षा एवं यातायात की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, कि महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। ऑपरेशन कालनेमि एवं सत्यापन अभियान की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए, कि आगामी त्योहारों तथा हरिद्वार कुंभ-2027 को ध्यान में रखते हुए इन अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।
मुख्यमंत्री ने शीतकालीन पर्यटन एवं यात्रा सीजन को देखते हुए मसूरी, नैनीताल, हरिद्वार, ऋषिकेश सहित प्रदेश के प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों के लिए अग्रिम यातायात योजना तैयार करने के निर्देश दिए। वहीं आपदा प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा करते हुए सीएम धामी ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए, कि प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत एवं सहायता उपलब्ध कराई जाए।
सीएम धामी ने पर्वतीय, दुर्गम एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए, कि संबंधित जनपदों के प्रभारी सचिव प्रत्येक 15 दिन में आवंटित जनपद का भ्रमण करें। भ्रमण के दौरान जनपदवार और विकासखंडवार विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करें।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप काम करने वाले अधिकारियों को प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि लापरवाही बरतने और जिम्मेदारी से बचने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
