राष्ट्रपति से मिला BJP महिला सांसदों का दल, (फोटो साभार: X@@sharmarekha)
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) यौन शोषण मामले में आरोपी कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ बीजेपी हमलावर है। इसी क्रम में भाजपा की महिला सांसदों ने मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ज्ञापन सौंपकर कांग्रेस सांसद बिमोल अकोइजम को पद से हटाने की मांग की है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, भाजपा महिला सांसदों के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस सांसद और जेएनयू विश्वविद्यालय के प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर सख्त कार्रवाई की मांग की।
महिला सांसदों ने राष्ट्रपति से ज्ञापन में सांसद को पद से हटाने और उच्च शिक्षण संस्थानों में छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है। प्रतिनिधिमंडल में लोकसभा सांसद कमलजीत सहरावत, बांसुरी स्वराज और मालविका देवी शामिल थी।
भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती @RoopkumariBJP जी ने आज 15 महिला सांसदों के साथ महामहिम राष्ट्रपति महोदया से मुलाकात कर जेएनयू प्रकरण में छात्राओं द्वारा की गई शिकायत, जांच में सामने आए तथ्यों और उनकी सुरक्षा से जुड़े गंभीर विषयों को रखा।
उन्होंने मांग की कि छात्राओं को पूर्ण संरक्षण मिले, मामले में निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो और दोषी पाए गए व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने यह भी बताया कि महामहिम राष्ट्रपति महोदया ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उचित जांच एवं कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
बेटियों के सम्मान और न्याय के लिए हमारी लड़ाई जारी रहेगी। नारी शक्ति के साथ अन्याय किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं होगा।
#SmashTheHypocrisyRaGa
— BJP Mahila Morcha (@BJPMahilaMorcha) October 13, 2026
उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल में राज्यसभा सांसद एस. फांगनोन कोन्याक, गीता शाक्य, भाजपा की वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष रेखा शर्मा भी मौजूद थी।
बता दें, कि अंगोमचा बिमोल अकोइजम मणिपुर के इनर मणिपुर सीट से कांग्रेस के लोकसभा सांसद हैं। वे जेएनयू के स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज के तहत सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ सोशल सिस्टम्स में प्रोफेसर थे।
गौरतलब है, कि मणिपुर से कांग्रेस सांसद और JNU के प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकोइजम पर 11 छात्रों ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था और इस मामले में शिकायत भी दर्ज कराई थी। प्रकरण के सामने आने के बाद उन्हें जेएनयू से 9 अक्टूबर को बर्खास्त कर दिया गया था, लेकिन कांग्रेस की तरफ से कोई एक्शन देखने को नहीं मिला है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस साल मई में कम से कम 11 छात्राओं ने प्रोफेसर अकोइजम के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत की थी। आरोप है, कि उन्होंने मीटिंग के बहाने छात्राओं को अपने घर बुलाया और यौन उत्पीड़न की कोशिश की। कुछ छात्राओं ने यह भी कहा है, कि कक्षा में वे अश्लील और अनुचित बातें करते थे।
इस मामले के बाद कैंपस में और वरिष्ठ छात्राएं भी इसी तरह के आरोप लेकर सामने आ रही हैं। फिलहाल दिल्ली पुलिस द्वारा सोमवार को कांग्रेस सांसद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दी गई है। यह मामला वसंत कुंज नॉर्थ पुलिस स्टेशन में BNS की धाराओं 75, 75(1)(i), 75(1)(iv) और 79 के तहत दर्ज किया गया है।
