कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने शुरू की कांवड़ यात्रा
उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्या ने आज सोमवार 10 अगस्त को धर्मनगरी हरिद्वार स्थित हर की पैड़ी से कांवड़ यात्रा की शुरुआत की। इस अवसर पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज और महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरि महाराज समेत कई साधु संत उपस्थित रहे।
जानकारी के मुताबिक, कांवड़ यात्रा शुरू करने से पहले कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति के साथ हरकी पैड़ी पर मां गंगा का पूजन-अर्चन किया और देश प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना की। विधि विधान के साथ गंगा पूजन के पश्चात खेल मंत्री ने जयघोष के साथ हर की पैड़ी से पैदल प्रस्थान किया।
बताया जा रहा है, खेल मंत्री रेखा आर्या ऋषिकेश स्थित वीरभद्र मंदिर में भगवान शिव का रुद्राभिषेक करेंगी। उन्होंने दो महत्वपूर्ण संकल्प लिए है, जिनमें पहला संकल्प वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की सफल मेजबानी भारत को मिले और उसका सफल आयोजन हो। दूसरा संकल्प भारत को खेलों के क्षेत्र में विश्व की खेल महाशक्ति के रूप में स्थापित करने का है।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने कहा, कि भगवान भोलेनाथ के आशीर्वाद से उनके दोनों संकल्प अवश्य पूरे होंगे। वहीं साधु संतों ने खेल मंत्री रेखा आर्या के संकल्प और भगवान शिव के प्रति गहरी आस्था की सराहना की। अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा, कि खेलों के माध्यम से देश का गौरव बढ़ाना भी राष्ट्रसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उल्लेखनीय है, कि खेल मंत्री रेखा आर्या द्वारा एक साल पहले भी पैदल कांवड़ यात्रा की गई थी। उन्होंने हरकी पैड़ी से गंगाजल भरकर पैदल ही 26 किलोमीटर की दूरी तय कर वीरभद्र मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक किया था। पिछले साल उन्होंने ‘बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ’ का संकल्प लिया था।
