सांकेतिक चित्र
उत्तर प्रदेश के मथुरा में अपनी बेटी के अफेयर में रोड़ा बन रहे शख्स को उसकी पत्नी और बेटी ने रास्ते से हटाने के लिए खौफनाक हत्याकांड को अंजाम दे डाला। तीन महीने से अधिक समय बाद इस हत्या का खुलासा हुआ है। जिसके बाद पुलिस ने आरोपित पत्नी, बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, बेटी के प्रेम संबंधों का विरोध करने पर पत्नी ने बेटी और उसके प्रेमी के साथ मिलकर पति को दूध में नशीला पदार्थ पिलाकर इमामदस्ते की मूसली से सिर कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद बेटी अपने प्रेमी के साथ शव को कंबल में लपेटकर स्कूटी से यमुना किनारे पहुंची और शव को जला दिया।
बताया जा रहा है, कि मथुरा के जयसिंहपुरा में रहने वाले मनोज सोनी की गलती बस इतनी सी थी, कि उन्होंने अपनी छोटी बेटी के प्रेम संबंधों का विरोध कर दिया। यह बात पत्नी नैना और बेटी को इतनी नागवार गुजरी, कि उन्होंने मनोज को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
मृतक के भाई रामबाबू ने पुलिस को बताया था, कि छोटे भाई मनोज सोनी का 18 अप्रैल की रात को पत्नी से विवाद हुआ था। इसके बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। उसकी पत्नी ने 21 अप्रैल को गोविंद नगर थाने में गुमशुदगी का प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन अगले ही दिन उसे वापस भी ले लिया।
मनोज के लापता होने के पीछे परिजनों को उसकी पत्नी पर शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने 9 मई को थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई, लेकिन मामले में संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई। इधर, सात जून को मनोज की पत्नी नैना घर में ताला लगाकर छोटी बेटी को लेकर कहीं चली गई।
घर में ताला लटका देख परिजन परेशान होने लगे और उन्होंने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई। साथ ही यह मामला मुख्यमंत्री पोर्टल तक भी पहुंचा, जिसके बाद पुलिस ने खोजबीन तेज कर दी। पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी। नैना की घबराहट बढ़ती गई और वह अपने मायके चली गई।
पुलिस ने जब मायके में नैना के पिता ने सख्ती से पूछताछ की, तो उसकी हिम्मत जवाब दे गई और उसने रो-रोकर पूरी खौफनाक दास्तान उगल दी। पिता ने पुलिस को बताया, कि नैना ने छोटी बेटी और उसके प्रेमी के साथ मिलकर पति मनोज को दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया।
दूध पीकर मनोज बेहोश हो गया और फिर उन्होंने इमामदस्ते की मूसली से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद बेटी और प्रेमी शव को स्कूटी पर रखकर अक्रूर के यमुना घाट ले गए। यहां पर दोनों ने शव को कंबल से निकालकर जला दिया। इस जानकारी पर पुलिस शव जलाने वाले स्थान पर पहुंची।
पुलिस ने बीते तीन दिनों तक डाॅग स्क्वायड की मदद से शव की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया। यहां पर यमुना का जलस्तर बढ़ने से घुटनों तक पानी भरा होने के कारण साक्ष्य नहीं मिल सके। फिलहाल पुलिस को माैके से एक कंबल बरामद हुआ। इसके अलावा घर के बाहर नैना द्वारा जलाए मनोज के कपड़े और दस्तावेज की राख पुलिस ने बरामद की।
थाना गोविन्द नगर पुलिस टीम द्वारा हत्या करने के इरादे से अपने पति का अपहरण करने के अभियोग में वांछित 01 अभियुक्त व 02 अभियुक्ताओं (पत्नी व पुत्री) को किया गया गिरफ्तार।@Uppolice @digrangeagra @adgzoneagra pic.twitter.com/xsawOj6BbP
— MATHURA POLICE (@mathurapolice) August 8, 2026
नैना के पिता ने पुलिस को बताया, कि मनोज ने अपनी बेटी और उसके प्रेमी को एक साथ बिस्तर पर देख लिया था। इस दौरान नैना भी घर में मौजूद थी। इसके बाद तीनो ने मिलकर सुनियोजित तरीके से षड्यंत्र रचकर इस खौफनाक हत्याकांड को अंजाम दिया।
इस खुलासे के बाद पुलिस ने उसी कॉलोनी में रहने वाले बेटी के प्रेमी डिलिवरी बॉय विमल चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी पत्नी नैना, बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से तीनों को न्यायिक हिरासत में सीधे जेल भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस तीनों से पूछताछ कर शव की तलाश में जुटी हुई है।
गौरतलब है, कि मृतक के भाई ने आरोप लगाया है, कि मनोज की पत्नी नैना का भी फरीदाबाद निवासी एक युवक के साथ अफेयर चल रहा हैं और हत्या करने के बाद नैना छोटी बेटी को लेकर फरीदाबाद अपने प्रेमी के पास चली गई थी। रामबाबू के इस आरोप के बाद पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।
पुलिस की जांच में सामने आया है, कि फरीदाबाद के युवक से नैना की दोस्ती सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। इसके बाद दोनों ने एक दूसरे के मोबाइल नंबर भी ले लिए थे। बहरहाल, अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, कानून के हाथों से नहीं बच सकता।
