बॉलीवुड डायरेक्टर शकील नूरानी गिरफ्तार (फोटो साभार: X@ExploreTnp)
बॉलीवुड फिल्म निर्देशक शकील नूरानी पर 33 साल की एक्ट्रेस संग बार-बार यौन शोषण, ब्लैकमेल और आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड करने के आरोप लगे है। शिकायत के बाद मुंबई पुलिस ने शकील को गिरफ्तार कर लिया है। अभिनेत्री के मुताबिक, उत्पीड़न की शुरुआत वर्ष 2016 में हुई थी।
रिपोर्ट्स के अनुसार, मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने जाँच शुरू की और लगभग 40 दिनों से फरार नूरानी को महाराष्ट्र के सतारा जिले स्थित एक फार्महाउस से पकड़ लिया। 73 वर्षीय नूरानी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने कोर्ट के सामने पेश किया, जहां से उन्हें 12 अगस्त तक की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है।
Director Shakeel Noorani (73) has been arrested by the Malwani Police in Mumbai in an alleged sexual harassment case. He has been arrested following a complaint of rape and sexual harassment filed by a 33-year-old actress. The case also involves allegations that the woman was…
— ANI (@ANI) August 10, 2026
बड़े दिलवाला’ (1999) और ‘जोरू का गुलाम’ (2000) जैसी फिल्मों के लेखन, निर्माण और निर्देशन करने वाले शकील नूरानी के खिलाफ मुंबई पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया, शकील नूरानी से उसकी पहली मुलाकात 2016 में लोखंडवाला में आयोजित एक अवॉर्ड समारोह के दौरान हुई थी।
पीड़िता ने आरोप लगाया है, कि फिल्म प्रोजेक्ट पर चर्चा के बहाने शकील ने स्क्रिप्ट पढ़ने के सिलसिले में उन्हें मालवानी स्थित अपने घर बुलाया था। इस दौरान उन्हें पीने के लिए सॉफ्ट ड्रिंक दी, जिसे पीने के बाद वह बेहोश हो गईं। आरोप है, कि नूरानी ने अभिनेत्री का यौन उत्पीड़न किया और उनके आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड किये।
अभिनेत्री का दावा है, कि जब उन्हें होश आया, तो नूरानी ने अपने मोबाइल फोन पर उनका एक वीडियो दिखाया और पुलिस या परिवार को घटना की जानकारी देने पर वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी दी। शिकायत के मुताबिक, इसी वीडियो को आधार बनाकर उन्हें लगातार डराया-धमकाया गया।
अभिनेत्री ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया, कि नूरानी ने वीडियो के जरिए उन्हें ब्लैकमेल किया और कई बार उनका यौन उत्पीड़न किया। उन्होंने दावा किया, कि यह सिलसिला चार सालों तक चलता रहा। अभिनेत्री के अनुसार, यौन संबंध बनाने के बाद नूरानी उन्हें बार-बार गर्भनिरोधक गोलियाँ भी देते थे।
पुलिस में शिकायत दर्ज होने के बाद नूरानी करीब 40 दिनों तक फरार चल रहे थे। मालवानी पुलिस ने नूरानी को मेधा पुलिस की सहायता से हिरासत में लिया। वहीं नूरानी के वकील ने कहा है, कि उनके मुवक्किल को झूठा फँसाया गया है। मामला कोर्ट के समक्ष है, इसलिए वह इस पर ज्यादा टिप्पणी नहीं करना चाहते।
बता दें, शकील नूरानी बॉलीवुड के जाने-माने लेखक, निर्देशक और निर्माता हैं और उन्होंने 1991 में रिलीज हुई ‘विष्णु देवा’ से फिल्म इंडस्ट्री में डेब्यू किया था।। उन्होंने 1999 में रिलीज हुई ‘बड़े दिलवाला’ से लेखन क्षेत्र में कदम रखा, जिसके वह निर्देशक और निर्मात भी थे। उन्होंने गोविंदा और ट्विंकल खन्ना स्टारर ‘जोरू का गुलाम’ का भी निर्देशन किया था।
इसके अलावा शकील ने 2005 में रिलीज ‘तेजाबः द एसिड ऑफ लव’ का निर्देशन भी किया। नूरानी का अभिनेता संजय दत्त के साथ भी एक फिल्म को लेकर विवाद सामने आ चुका है। इसी विवाद से जुड़े धमकी के मामले में मुंबई की एक अदालत ने संजय दत्त के खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी किया था।
फिलहाल, शकील नूरानी पुलिस कस्टडी में हैं और अभिनेत्री की शिकायत में लगाए गए आरोपों की जाँच मुंबई पुलिस कर रही है। मामले में लगे आरोपों की अंतिम पुष्टि जाँच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगी।
