सांकेतिक चित्र
उत्तराखंड में इन दिनों लगातार बारिश का कहर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने 27 जुलाई तक का मौसम का अलर्ट जारी कर दिया है। वहीं प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में अतिवृष्टि के कारण जगह-जगह सड़क मार्ग बाधित है। मौसम विभाग ने कुछ जिलों में विशेष रूप से सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने 27 जुलाई तक का मौसम का अलर्ट जारी कर दिया है। पूर्वानुमान के अनुसार, आज 21 जुलाई को कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट है तो पूरे राज्य में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मंगलवार को देहरादून, उत्तरकाशी और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
दिनांक 21.07.2026 को जारी उत्तराखंड राज्य हेतु मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी pic.twitter.com/bYip5MRanj
— Meteorological Centre Dehradun (@mcdehradun) July 21, 2026
इसके अलावा टिहरी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होगी। जबकि अन्य जिलों में वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर होने की संभावना है। इस दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में हल्के से मध्यम लैंडस्लाइड हो सकते है। वहीं पहाड़ी इलाकों में कहीं-कहीं सड़क और राजमार्ग बाधित हो सकते हैं।
मौसम विभाग ने बुधवार 22 जुलाई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए विशेष अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होगी। इसके साथ ही राज्य के बाकी जिलों में कहीं-कहीं गर्जना के साथ वज्रपात होगा और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर चलेंगे।
वहीं गुरुवार को देहरादून, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। जबकि शुक्रवार को देहरादून और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होगी। इसके अलावा राज्य के बाकी जिलों में बारिश के तेज से बहुत तेज दौर चलेंगे।
इसी क्रम में शनिवार 25 जुलाई को देहरादून, बागेश्वर, टिहरी गढ़वाल और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। जबकि अन्य जिलों में कहीं-कहीं बादल जोर से गरजेंगे, वज्रपात होगा और बारिश की तेज से बहुत तेज बौछारें पड़ेंगी। रविवार और सोमवार को पूरे प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
गौरतलब है, कि उत्तराखंड में मानसून की भारी वर्षा का दौर बना हुआ है। इसको देखते हुए मौसम विभाग ने नदी के किनारे रहने वालों लोगों को अलर्ट रहने की सलाह दी है।
