सांकेतिक चित्र, (फोटो साभार: Gemini Canvas /canva)
धर्मनगरी हरिद्वार स्थित हरकी पैड़ी क्षेत्र में महिलाओं की निजता से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आने के बाद यात्रियों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। आरोप है, कि घाट पर कपड़े बदल रही महिलाओं को एक अधेड़ उम्र का मनचला झांक रहा था और वीडियो बनाने की कोशिश भी कर रहा था।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हरकी पैड़ी के पास कपड़े बदल रही महिलाओं को झांकते एक अधेड़ शख्स को यात्रियों और स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। जिसके बाद भीड़ ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। बताया जा रहा है, कि यह मनचला महिलाओं की वीडियो भी बना रहा था। इसके बाद मौके पर जमकर बवाल हुआ।
उल्लेखनीय है, कि करीब आधे घंटे तक चले हंगामे के बावजूद स्थानीय पुलिस को मामले की भनक भी नहीं लगी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस केवल मनचले को तलाशने के दावे करती रही है। वहीं इस घटना के बाद सवाल खड़े हो रहे है, कि आगामी कांवड़ और कुंभ को लेकर पुलिस प्रशासन कितना संजीदा है।
सोशल मीडिया पर जो वीडियो सामने आया है, उसमें हरकी पैड़ी स्थित वस्त्र बदलने वाले कक्ष के भीतर महिलाओं ने जब शख्स को झांकते हुए देखा तो शोर मचाया। इसके बाद आसपास मौजूद यात्रियों और स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। इस दौरान भीड़ ने मनचले की जमकर पिटाई की।
घटना के बाद हरकी पैड़ी पुलिस चौकी की कार्य प्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। आरोप है, कि पुलिस जब तक मौके पर पहुंची, तब तक आरोपी फरार हो चुका था। स्थानीय निवासियों का कहना है, कि हरकी पैड़ी समेत समूचा क्षेत्र नशेड़ियों और भिखारियों का अड्डा बनता जा रहा है। ऐसे असामाजिक तत्वों के कारण धार्मिक स्थल की छवि खराब हो रही है।
