सांकेतिक चित्र
उत्तराखंड में बारिश का सिलसिला फिलहाल थमने का नाम नहीं ले रहा रहा है। ज्यादातर क्षेत्रों में शुक्रवार सुबह मौसम ने करवट ली, जिससे कई इलाकों में बारिश हुई और गर्मी से राहत मिली। इसी बीच मौसम विभाग ने उत्तराखंड में तीन दिनों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई क्षेत्रों में आंधी तूफान और बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने राज्य के कई जिलों के लिए भारी बारिश के साथ ही गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने के साथ-साथ तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। शुक्रवार पांच जून को देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और नैनीताल सहित कई जिलों में गरज के साथ बिजली चमकने ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है।
दिनांक 05.06.2026 को उत्तराखंड राज्य के लिए जारी मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी | pic.twitter.com/NzGtW4wIck
— Meteorological Centre Dehradun (@mcdehradun) June 5, 2026
इसके अलावा 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं। जबकि पौड़ी, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों में भी तेज बारिश हो सकती है। इसके साथ ही बिजली चमकने और तेज हवाओं का दौर भी चल सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के वैज्ञानिक रोहित थपलियाल ने बताया, कि पिछले 24 घंटे में उत्तराखंड में कई जगहों पर हल्की से मध्यम वर्षा का दौर देखने को मिला है। एक दो स्थानों पर भारी वर्षा भी हुई है, आज भी उत्तराखंड के अनेकों स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा का दौर देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए आगामी तीन दिनों तक बारिश, आकाशीय बिजली और तेज़ हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। आज 5 जून को देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल समेत कई जिलों में गरज के साथ बिजली चमकने, ओलावृष्टि की संभावना व्यक्त की गई है।… pic.twitter.com/a16LXf2mMn
— Uttarakhand DIPR (@DIPR_UK) June 5, 2026
इसी क्रम में 6 तारीख को उत्तराखंड के पर्वतीय और मैदानी जिलों के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा के आसार है। हालांकि 7 से लेकर 9 तारीख तक तारीख से बारिश की एक्टिविटी कम होने की संभावना है, लेकिन इस दौरान पर्वतीय जिलों के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।
बता दें, कि शुक्रवार सुबह से ही देहरादून समेत कई क्षेत्रों में जोरदार वर्षा का क्रम जारी रहा। हालांकि, दिन में धूप और बादलों की आंख-मिचौनी चलती रही, लेकिन कई स्थानों पर बौछारों का सिलसिला चलता रहा। बारिश के अलर्ट को देखते हुए राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जनपदों के लिए एडवाइजरी जारी कर सावधानी बरतने के निर्देश दिए है।
