युवक ने पौड़ी जिला अस्पताल के अंदर दौड़ा दी बाइक, (फोटो साभार: etvbharat)
पौड़ी स्थित जिला अस्पताल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर बेहद तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमे एक सनकी युवक अस्पताल परिसर के अंदर बाइक दौड़ाते हुए नजर आ रहा है। बताया जा रहा है, कि युवक अपनी बाइक लेकर उन गलियारों तक पहुंच गया, जहां सामान्यतः सिर्फ मरीजों और तीमारदारों का पैदल आवागमन होता है।
वीडियो के वायरल होने के बाद लोग सवाल उठा रहे हैं, कि आखिर युवक अस्पताल के अंदर बाइक लेकर कैसे घुस गया और उस वक्त डूयूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी क्या कर रहे थे ? वहीं युवक ने नियमों की खुलेआम अनदेखी करते हुए यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी शेयर किया है। वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन के बीच हड़कंप मच गया।
बीते मंगलवार 16 जून को एक अज्ञात युवक जिला चिकित्सालय के भवन संख्या-01 के प्रथम तल तक बाइक लेकर पहुंच गया। युवक ने प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय के अंदर और वार्डों तक बाइक चलाते हुए बेधड़क इंट्री मारी। आरोप है, कि इस दौरान उसने स्टंट भी किए, जिससे मरीजों, उपचार के लिए आए लोगों और स्टाफ की सुरक्षा खतरे में पड़ गई।
उत्तराखंड : पौड़ी गढ़वाल जिला अस्पताल में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने लापरवाही की सारी हदें पार करते हुए अस्पताल परिसर के प्रतिबंधित क्षेत्र में बाइक दौड़ा दी। वायरल वीडियो में वह CMS (मुख्य चिकित्सा अधीक्षक) के कक्ष तक बाइक लेकर जाता हुआ दिखाई दिया pic.twitter.com/w71Epkl3b4
— Tehelka Digital (@TehelkaDigital) June 17, 2026
इस बीच अस्पताल में तैनात पीआरडी कर्मियों ने युवक को रोकने का भी प्रयास किया, लेकिन वह मौके से फरार होने में कामयाब रहा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पूरे शहर में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। अस्पताल प्रशासन द्वारा पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया, कि बाइक का पंजीकरण नंबर यूके07-2713 है।
प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक जिला चिकित्सालय पौड़ी डॉ एलडी सेमवाल ने बताया, कि वायरल वीडियो का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए अस्पताल प्रशासन ने अज्ञात के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है। जिसके बाद पुलिस युवक की पहचान करने तथा उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की प्रक्रिया में जुटी हुई है।
