(सांकेतिक चित्र) (फोटो साभार: दैनिक जागरण
रुड़की के पिरान कलियर थाना क्षेत्र स्थित एक गेस्ट हाउस में 32 वर्षीय यूट्यूबर आतिफ का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। संदिग्ध परिस्थितियों में हुई आतिफ की मौत को एक कथित वीडियो कॉल ने रहस्यमयी बना दिया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल सच्चाई का पता चल सकेगा। फिलहाल जो जानकारी सामने आई है, उसके अनुसार आतिफ ने मौत से पहले किसी लड़की को वीडियो कॉल किया था।
जानकारी के मुताबिक, जनपद मुजफ्फरनगर के निराना गांव निवासी आतिफ किराये के कमरे में रहता था। वह सोशल मीडिया पर वीडियो और रील्स बनाता था। वह एक युवती और उसके भाई के साथ रहता था। युवती और उसका भाई भी यूट्यूबर बताये जा रहे है। आतिफ की युवती के साथ किसी बात को लेकर अनबन हो गई थी।
युवती से नाराज होने के बाद आतिफ बुधवार 14 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे कलियर पहुंचा और वहां एक गेस्ट हाउस में रुका हुआ था। बताया जा रहा है, कि गुरुवार सुबह लगभग पांच बजे युवती ने आतिफ को वीडियो कॉल की। इस दौरान आतिफ ने कथित तौर पर फंदे से लटककर आत्महत्या करने की बात कही।
इसके बाद युवती ने दूसरे मोबाइल से वीडियो कॉल के जरिये अपने भाई को पूरा घटनाक्रम दिखाया। जिसके बाद युवती के भाई ने वीडियो का स्क्रीनशॉट लेकर आतिफ के परिजनों को भेज दिया। वीडियो देखते ही परिवार के होश उड़ गए और वे आनन-फानन में कलियर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी।
परिजनों से मिली जानकारी और लोकेशन के आधार पर पुलिस गेस्ट हाउस पहुंची। वहां कमरे में आतिफ का शव पंखे से लटका मिला। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने की कार्रवाई की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
