देहरादून के फेमस रेस्टोरेंट में पड़ा छापा,(फोटो साभार: (X@ETVBharatUK)
त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने दून क्लब के हांडी रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान रेस्टोरेंट के रसोई और स्टोर रूम में कॉकरोच व चूहों की मौजूदगी, सड़ी-गली सब्जियां, बासी खाद्य सामग्री और साफ-सफाई बदहाल मिली।
जानकारी के अनुसार, राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून के निर्देश पर सचिव सीमा डुंगराकोटी और खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने मंगलवार को रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान दून क्लब के हांडी रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी सामने आई है।
रेस्टोरेंट की रसोई में सड़ी-गली सब्जियां, कई दिन पुराना खाना, कॉकरोच और चूहे मिले। बर्तन धुलाई क्षेत्र में गंदगी के साथ तीन से चार दिन पुराने जूठे बर्तन और जमा कूड़ा भी मिला। निरीक्षण के दौरान रसोई घर, फ्रीजर, खाद्य सामग्री के भंडारण स्थल, बर्तन धोने के स्थान और स्टोर रूम में कई गंभीर खामियां पाई गईं।
फ्रीजर में फूल गोभी, मूली, शिमला मिर्च, पत्ता गोभी और आलू समेत कई सब्जियां सड़ी-गली अवस्था में मिली। मसालों की अलमारी और स्टोर रूम में कॉकरोच और चूहे भी पाए गए।
इसके अलावा कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस के अभिलेख, पेस्ट कंट्रोल कराने के प्रमाण और इस्तेमाल किए जा रहे पानी की जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं कराई गई। टीम ने मौके पर पांच किलोग्राम बासी चावल, 15 किलोग्राम सब्जियां, दो किलोग्राम मोमोज और बासी चिकन करी नष्ट कराई।
रेस्टोरेंट के पनीर, दूध और डीप फ्रीजर में रखी तैयार चिकन करी के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। रेस्टोरेंट में घोर अनियमितताओं को देखते हुए संयुक्त निरीक्षण टीम ने रेस्टोरेंट को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया। साथ ही संचालक को 14 दिन का इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है।
नोटिस के तहत रेस्टोरेंट संचालक को परिसर की सफाई, खराब खाद्य सामग्री के निस्तारण, पेस्ट कंट्रोल, नालियों की मरम्मत और पेयजल की जांच सहित सभी कमियां दूर करनी होंगी। कमियां दूर नहीं होने पर लाइसेंस निलंबित करने समेत अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीमा डुंगराकोटी के मुताबिक, दून क्लब जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में इस तरह की अनियमितताएं चिंताजनक हैं। यहां विशिष्ट और अति विशिष्ट व्यक्तियों समेत कई गणमान्य अतिथियों का आवागमन रहता है। ऐसे में भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करना जरूरी है।
