सांकेतिक चित्र
तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले से एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है। यहाँ पॉक्सो एक्ट के तहत जेल जा चुका एक बलात्कारी जमानत पर बाहर आते ही खून का प्यासा हो गया। कातिल ने यह वीभत्स हत्याकांड शुक्रवार रात शाबाद मंडल हेडक्वार्टर स्थित दैवलागुडा इलाके में अंजाम दिया।
राजकुमार नाम के शख्स ने अपने खिलाफ दर्ज पॉक्सो केस की रंजिश में हत्या की घटना को अंजाम दिया। आरोप है, कि उसने अपनी पत्नी सरिता और दो बेटों के साथ-साथ उस नाबालिग लड़की जिसने उसके खिलाफ पॉक्सो का मुकदमा दर्ज कराया था, उसकी मां (लक्ष्मी) और दादी (रुक्कम्मा) को भी मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस के मुताबिक, हत्यारोपी राजकुमार मई में दर्ज पॉक्सो मामले में गिरफ्तार होने के बाद कुछ दिनों पहले ही में जमानत पर बाहर आया था। जेल से छूटने के बाद बदले की आग में उसने एक ही रात में छह लोगों का बेरहमी से कत्ल कर दिया। इस दिल दहला देने वाले हत्याकांड की खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस को शक है, कि पॉक्सो मामले और अपनी गिरफ्तारी को लेकर नाराजगी इन हत्याओं की वजह हो सकती है। हालांकि पुलिस के लिए चौंकाने वाली बात यह है, कि उसने अपनी पत्नी और बच्चों को भी मार डाला। फिलहाल पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
Rangareddy, Telangana: On the investigation into the six-murder case, CP Tarun Joshi says, "…Raj Kumar remains absconding, and seven special police teams have been formed to trace and apprehend him. The killing of his own wife and children has shocked us as well…" pic.twitter.com/yA6qCzP2HV
— IANS (@ians_india) July 11, 2026
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपित राजकुमार ने शुक्रवार रात इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। उसने सबसे पहले शबाद स्थित अपने घर में अपनी पत्नी सरिता और दो बेटों 4 साल का परीक्षित और 2 साल के दैवक्षित की चाकू से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी।
इसके बाद रात के करीब 11 बजे आरोपित शाबाद पीआरआर स्टेडियम के पास 17 साल की नाबालिग लड़की के घर में घुस गया, जिसने उसके खिलाफ यौन शोषण की शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है, कि इस दौरान आरोपित ने किशोरी के साथ बर्बरता की सारी हदें पार कर दी। वह नाबालिग किशोरी को जबरन घसीटते हुए खेत की तरफ ले गया।
पुलिस की प्रारंभिक जाँच में सामने आया है, कि हत्यारे ने पहले किशोरी का रेप किया। इसके बाद उसने किशोरी को तड़पा-तड़पाकर मौत के घाट उतार दिया। इस दौरान जब लड़की की मां और दादी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो दोनों पर भी ताबड़तोड़ हमला उन्हें भी मार डाला। इस तरह उसने पूरे परिवार को खत्म कर दिया।
इस नरसंहार को अंजाम देने के बाद राजकुमार ने अपने पिता और अन्य रिश्तेदारों को फोन किया और कहा, कि उसने दोनों परिवारों के सभी लोगों को हमेशा के लिए सुला दिया है। इसके बाद उसने पुलिस से बचने के लिए खुदकुशी करने की धमकी दी और अँधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
इस हत्याकांड की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस आयुक्त तरुण जोशी तत्काल भारी पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने दोनों घटनास्थलों को सील कर दिया है। सभी छह शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस कमिश्नर ने साफ कहा है कि इस दरिंदे को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। हत्यारे राजकुमार को दबोचने के लिए पुलिस की सात स्पेशल टीमें हर संभावित ठिकाने पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। वहीं इस हत्याकांड को हाल के समय में जिले में हुई सबसे गंभीर आपराधिक घटनाओं में से एक माना जा रहा है।
