हमेशा के लिए खामोश हुई भंडारा किंग की आवाज, (फोटो साभार-Gemini Canvas)
धर्मनगरी हरिद्वार स्थित हर की पैड़ी के पास वर्षों तक भंडारे का खाना बेचने वाले रमाशंकर गुप्ता उर्फ भंडारा किंग अब इस दुनिया में नहीं रहे। बताया जा रहा है, कि बीते गुरुवार को उनका शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक सार्वजनिक शौचालय से बरामद हुआ है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है।
गौरतलब है, कि हरकी पैड़ी और शिवसेतु पर वर्षों से श्रद्धालुओं के बीच अपनी अलग पहचान बना चुके रमाशंकर गुप्ता उर्फ भंडारा किंग मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के रहने वाले थे, लेकिन कई वर्ष पहले हरिद्वार आकर बस गए थे। हरकी पैड़ी आने वाले श्रद्धालु उन्हें देखते ही रुक जाते थे और अपनी श्रद्धा के अनुसार सहयोग करते थे।
हरकी पैड़ी के पास शिव सेतु पर ‘भंडारा कर दो बाबूजी, 100 में पांच बाबा, 200 रुपये में 11 बाबा खाएंगे,’ की आवाज लगाने वाले सुनाई देने रमाशंकर गुप्ता सोशल मीडिया पर बेहद फेमस थे और उनको पसंद करने वालो ने ही उन्हें भंडारा किंग का नाम दिया था।
हरिद्वार में "भंडारा करा दो " कह कर फेमस हुए भंडारा किंग के बारे में खबर आई है कि उनका निधन हो गया है।
अगर ऐसा हुआ है तो ईश्वर उनकी आत्मा को शांति देवें। pic.twitter.com/6HAGnhEm46— Sharad Kumar Tripathi (@eyeconlive) July 10, 2026
जानकारी के अनुसार, शुरुआत में उन्होंने हरकी पैड़ी क्षेत्र में गुजर-बसर की और बाद में आसपास के भोजनालयों से खाना लेकर श्रद्धालुओं के माध्यम से भंडारा कराने का काम शुरू किया। इसी से उन्हें कमीशन मिलता था और उनकी आजीविका चलती थी।
स्थानीय दुकानदार हरीश कुमार ने बताया, कि रमाशंकर गुप्ता का पूरा जीवन सेवा में बीता। उन्होंने कभी अपने लिए कुछ नहीं मांगा, बल्कि हमेशा दूसरों का पेट भरने की चिंता की। भंडारा कर दो बाबूजी सिर्फ एक आवाज नहीं थी, बल्कि हजारों जरूरतमंद लोगों के लिए भोजन जुटाने का माध्यम थी।
कोतवाली प्रभारी कुंदर सिंह राणा ने बताया, “हरकी पैड़ी के पास टॉयलेट से अज्ञात शव मिला था। बरामद शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया था। रमाशंकर के रूप में मृतक की शिनाख्त हुई है, जो हरकी पैड़ी क्षेत्र में ही रहते थे। मृतक के परिजनों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।”
