टीवी एक्ट्रेस उर्मिला सनावर, (फाइल चित्र)
सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट और अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोपों को लेकर उर्मिला सनावर की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। भाजपा नेत्री आरती गौड़ के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में नेहरू कॉलोनी थाने में शिकायत दी गई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है, कि उर्मिला सनावर अपनी फेसबुक आईडी के जरिए पीड़िता के खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक बातें लिख रही थी। महिला ने कहा, कि उन्हें आत्महत्या तक के लिए उकसाया जा रहा है।
नेहरू कॉलोनी थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया, पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया, कि उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया के माध्यम से उनके खिलाफ लगातार आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित की। इनमें महिलाओं और पीड़िता के प्रति कथित तौर पर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करने के आरोप भी शामिल है।
पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों की जांच के साथ ही उपलब्ध अन्य साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा है। साथ ही पुलिस मामले से जुड़े सोशल मीडिया कंटेंट और अन्य साक्ष्यों की जांच में जुटी है। जांच के बाद ही मामले में स्थिति स्पष्ट होगी।
बता दें, उर्मिला सनावर के खिलाफ उत्तराखंड में अलग-अलग थानों में पहले ही कई मामले दर्ज हैं। इनमें एक मामला भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम की शिकायत पर दर्ज हुआ है। नेहरू कॉलोनी थाने में ही आरती गौड़ की शिकायत पर भी उर्मिला के खिलाफ एक और मामला दर्ज है।
आरती गौड़ ने आरोप लगाया, कि उक्त महिला ने पीड़िता का मोबाइल नंबर भी इंटरनेट मीडिया पर सार्वजनिक कर दिया, जिसके बाद से उन्हें लगातार अज्ञात लोगों के फोन कॉल आ रहे हैं और धमकियां दी जा रही हैं। पुलिस का कहना है, कि वर्तमान मामला पिछली घटनाओं से अलग हैं। इसकी जांच स्वतंत्र रूप से की जा रही है।
गौरतलब है, कि उर्मिला सनावर उस समय भी सुर्खियों में आई थी, जब उन्होंने नवंबर 2025 में सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर हरिद्वार की ज्वालापुर विधानसभा सीट से भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से मदद की गुहार भी लगाई थी।
वह सोशल मीडिया पर अपना नाम एक्ट्रेस उर्मिला सुरेश राठौर लिखती हैं और खुद को पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पत्नी बताती हैं। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड में कुछ सफेदपोशों और राजनेताओं के शामिल होने संबंधी दावे किए थे। उनके बयानों के बाद एसआईटी ने उन्हें पूछताछ के लिए समन भी भेजा था।