युवक पर दूषित दूध बेचने का आरोप, (फोटो साभार: X@ETVBharatUK)
खाने-पीने की चीजों में थूकने के मामले रुकने का नाम ही नहीं ले रहे है। एक ऐसा ही मामला रुद्रपुर शहर के रविंद्र नगर में सामने आया है। जहां एक दूध विक्रेता द्वारा कथित रूप से थूकने के बाद घरों में दूध बांटने के आरोप के बाद हंगामा खड़ा हो गया। लोगों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, रविंद्र नगर के वार्ड नंबर 35 में दूधिया लंबे समय से दूध बांटने का काम कर रहा था। वह एक स्थान पर अपनी बाइक खड़ी कर छोटे डोल से घरों में दूध की आपूर्ति करता था। उसे इस बात का एहसास नहीं था, कि उसकी हरकत सीसीटीवी में कैद हो रही है और उसकी घिनौनी मानसिकता सामने आने वाली है।
सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद लोगों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और आरोप सही पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलने पर पुलिस ने दूध विक्रेता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, पुलिस प्रकरण की जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट होने की बात कह रही है।
आरोप है, कि बुधवार दोपहर उसने अपनी बाइक जहां खड़ी की, उस स्थान पर सीसीटीवी लगा हुआ था। उसने डोल निकाला और एक बार वह दूध देकर वापस आ गया। जब वह वापस लौटा, तो उसने बड़े डोल से दूध निकाल कर छोटे डोल में डाला। बड़ी सफाई से वह डोल को अपने मुंह के पास लेकर आया और उसके बाद वह दूध देने चला गया।
वहीं डोल को मुंह के पास ले जाने पर लोगों ने उस पर थूकने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरु कर दिया। देखते ही देखते वहां पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर आवास विकास चौकी की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। आक्रोशित लोगों द्वारा उसके साथ मारपीट की संभावना के चलते पुलिस उसे अपने साथ ले गई।
स्थानीय लोगों का दावा है, कि फुटेज में दूध विक्रेता की कथित गतिविधियां दिखाई दे रही हैं। जिसमें वो दूध को दूषित करता हुआ नजर आ रहा है। वहीं, कुछ लोगों का कहना है, कि फुटेज को देखने पर यह भी प्रतीत हो सकता है, कि वह दूध को सूंघ रहा था। फिलहाल वीडियो में दिखाई दे रही गतिविधि को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं।
बताया जा रहा है, कि दूधिये को जब लोगों ने पकड़ा, तो उसने पहले अपना नाम प्रेम बता कर लोगों को गुमराह करने की कोशिश की। हालांकि स्थानीय लोगाें को उसकी हरकत पर संदेह हो चुका था, इसलिए उन्होंने उसके वाहन के रजिस्ट्रेशन के कागज जांचे, तो वह बिलासपुर जनपद रामपुर का रहने वाला मुस्लिम निकला।
पुलिस क्षेत्राधिकारी विभव सैनी के मुताबिक, दूध को दूषित करने की सूचना पर विक्रेता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जानकारी सामने आई है, कि दूध विक्रेता ने अपना नाम मुकेश बताया था, जबकि उसका असली नाम कुछ और निकला। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है। सावन के महीने में लोग पूजा-पाठ से लेकर शिवालय में दुग्धाभिषेक करने के लिए दूध का प्रयोग करते हैं। ऐसे में मुस्लिम दूधिये द्वारा थूकने के बाद दूध की आपूर्ति पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का काम किया है। जिससे लोगों में भारी आक्रोश पनप रहा है।
वहीं पुलिस ने लोगों से अपील की है, कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर न पहुंचें और अफवाहों से बचें। सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। आरोपों की वास्तविकता पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
प्रकरण सामने आने के बाद विहिप कार्यकर्ताओं ने कहा है, कि रुद्रपुर में दूधियों की बाढ़ है। यह अन्य राज्यों से यहां आकर दूध बेचते हैं। इनका सत्यापन किया जाए। विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता जोगेंद्र सिंह ने आवास विकास चौकी में तहरीर देकर आरोपित के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत करने की मांग की है।