यूट्यूबर और बाइक राइडर आस मोहम्मद की मौत, (फोटो साभार: अमर उजाला )
सोशल मीडिया पर रोमांच दिखाने की होड़ कई बार जिंदगी पर भारी पड़ रही है। दरअसल, 25 वर्षीय यूट्यूबर और बाइक राइडर आस मोहम्मद उर्फ आशु UK Rider की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था, कि उनका चेहरा तक पहचान में नहीं आ रहा था।
जानकारी के अनुसार, यूट्यूबर अपनी नई ZX-10R से देहरादून से पांवटा साहिब की तरफ जा रहा था। तभी सहसपुर के हिंदूवाला के पास बाइक अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई और सीधे डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी, कि आस मोहम्मद बाइक से दूर जा गिरा और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि यूट्यूबर आस मोहम्मद ने 27 अगस्त को करीब 22 लाख की नई स्पोर्ट्स बाइक खरीदी थी और यही बाइक उसका काल बनी। वह नई बाइक की डिलीवरी लेने के बाद हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब की ओर जा रहा था, लेकिन नई बाइक लेने के बाद शुरू हुआ उनका रोमांच जिंदगी का आखिरी सफर बन गया।
रुड़की के बढ़ेड़ी राजपूतान निवासी यूट्यूबर आस मोहम्मद सोशल मीडिया पर ‘आशु यूके राइडर’ के नाम से चर्चित था। उसके 9 लाख से ज्यादा फॉलोवर हैं। वह सोशल मीडिया पर अक्सर रफ्तार और स्टंट के ही वीडियो अपलोड करता था, लेकिन सड़क पर हुई एक छोटी सी चूक ने रोमांच को जिंदगी की सबसे दर्दनाक तस्वीर में बदल दिया।
22 लाख की नई स्पोर्ट्स बाइक… डिलीवरी लेकर निकले, लेकिन कुछ ही देर में बन गया जिंदगी का आखिरी सफर! 😢
सोशल मीडिया पर ‘आशु यूके राइडर’ के नाम से मशहूर 25 वर्षीय यूट्यूबर आस मोहम्मद उर्फ आशु की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। देहरादून से नई स्पोर्ट्स बाइक की डिलीवरी लेने के बाद… pic.twitter.com/8Xjpej3iGy
— Jamwant Maurya (@JamwantM) August 29, 2026
वहीं हादसे की सूचना मिलते ही सहसपुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। कोतवाली प्रभारी प्रदीप सिंह रावत ने बताया, कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। आवश्यक कार्यवाही पूरी करने के बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया।