सांकेतिक चित्र
उत्तराखंड में पिछले कई दिनों से जारी बारिश की गति कुछ धीमी जरूर हुई है, लेकिन फिलहाल अभी बारिश से राहत मिलने के कोई आसार नजर नहीं आ रहे है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन भारी बारिश के साथ हल्की से मध्यम वर्षा और गर्जन के साथ बौछारों की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार और मंगलवार को पूरे प्रदेश में भारी बारिश की आशंका है। 31 अगस्त और 1 सितंबर को बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य दिनों में भारी बारिश का येलो अलर्ट रहेगा।
दिनांक 29.08.2026 को जारी उत्तराखंड राज्य हेतु मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी | pic.twitter.com/UXPXxOjfU3
— Meteorological Centre Dehradun (@mcdehradun) August 29, 2026
देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों के अनुसार, रविवार को रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चमोली, नैनीताल, चंपावत, उधम सिंह नगर और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। जबकि राज्य के अन्य जिलों में कहीं-कहीं वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर चलेंगे। वहीं सोमवार 31 अगस्त को राज्य के लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।
मौसम विशेषज्ञों ने उत्तराखंड के देहरादून, बागेश्वर और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई है। सोमवार को देहरादून, बागेश्वर और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं गर्जना के साथ तीव्र से अत्यंत तीव्र बारिश होने की संभावना है। जिसके मद्देनजर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इसी क्रम में मंगलवार 1 सितंबर को देहरादून और टिहरी जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है। इसके अलावा पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और हरिद्वार जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं 2 सितंबर को राज्य के सभी जिलों के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने इस दौरान लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है, कि वे बिना जरूरी कारण के यात्रा न करें, विशेषकर पहाड़ी और संवेदनशील क्षेत्रों की ओर जाने से बचें। इसके अलावा, लोगों को नदी-नालों से दूर रहने और मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने की सख्त सलाह दी गई है।
मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट के बाद प्रदेश का आपदा प्रबंधन विभाग भी सतर्क हो गया है। विभाग ने एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को अलर्ट मोड पर रहने को कहा है। इसके अलावा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी लगातार राज्य में भारी बारिश से उत्पन्न हालातों की पल-पल की अपडेट ले रहे है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासन-प्रशासन के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए है, कि आपदा के हालत में ग्राउंड जीरो पर उतरकर काम करें। आपदा पीड़ितों को तत्काल राहत पहुंचाई जाए। इस दौरान यदि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी लापरवाही बरतता है, तो उसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाए।
