अजमेर जेल की निलंबित जेलर गिरफ्तार, (फोटो साभार: X@ @SamvadEditor)
अजमेर की महिला जेल में बंद कैदियों से अपने घर की सफाई करवाने के मामले में जेलर दिव्या चौधरी को कोटा से गिरफ्तार किया गया है। आरोप है, कि जेल में बंद महिला बंदियों से अपने अजमेर स्थित फ्लैट की सफाई करवाती थी। वहीं इस मामले में अन्य आरोपित जेल प्रहरी सोनिया चौधरी अभी फरार हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जांच में खुलासा हुआ, कि जेलर साहिबा दोनों महिला बंदियों को किसी सरकारी काम या पेरोल पर नहीं, बल्कि अपने निजी घर पर झाड़ू-पोछा और साफ-सफाई करवाने के लिए ले गई थी। आरोप है, कि दोनों बंदियों को जेल से बाहर ले जाने की जानकारी अधिकारियों को नहीं दी गई थी।
वृत्ताधिकारी अजमेर नॉर्थ शिवम जोशी ने बताया, कि 12 जुलाई 2026 को जेल में कत्ल मामले में सजायाफ्ता सना और किरण को जेल से निकालकर जेलर दिव्या चौधरी काम कराने अपने फ्लैट पर ले गई। जेलर ने कैदी सना और किरण को जेल से निकालने के लिए ना कोर्ट से अनुमति ली और ना ही जेल रजिस्टर में इसे दर्ज किया।
अजमेर में निजी फ्लैट पर कैदियों को ले जाने का मामला, तत्कालीन प्रभारी जेलर दिव्या चौधरी गिरफ्तार
#Ajmer | #Rajasthan | #Breaking https://t.co/jk2E52szmh
— NDTV Rajasthan (@NDTV_Rajasthan) October 7, 2026
बताया जा रहा है, कि दोनों महिला कैदियों को जेल से निकाल निजी कार से घर ले जाने से पहले जेल के बाहर ड्यूटी पर तैनात जेल प्रहरियों से दिव्या चौधरी और सोनिया चौधरी की कहासुनी हुई थी। जेल प्रहरियों ने कैदियों को बाहर ले जाने का विरोध किया, लेकिन वे नहीं मानी। दोनों कैदियों को अपनी कार से 5 किमी दूर अपने फ्लैट ले गई।
प्रकरण सामने आने के बाद दिव्या चौधरी को निलंबित कर दिया गया था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है, कि दोनों महिला बंदियों को जेल से बाहर ले जाने की अनुमति किस आधार पर दी गई और इस पूरी प्रक्रिया में किन नियमों का पालन किया गया था। मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोग भी पुलिस की जांच के दायरे में है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है, कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
