CM धामी ने किया प्रांतीय व्यापारी सम्मेलन का शुभारंभ
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज शुक्रवार को हल्द्वानी के राजकीय मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित प्रांतीय व्यापारी सम्मेलन का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। प्रदेशभर से पहुंचे व्यापारियों की उपस्थिति के बीच सीएम धामी ने व्यापारियों के हितों से जुड़ी आठ महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, कि व्यापारी वर्ग प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। उन्होंने कहा, कि व्यापारियों की सुरक्षा, सम्मान और हितों की रक्षा राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
हल्द्वानी, नैनीताल में आयोजित प्रान्तीय व्यापारी सम्मेलन में सहभागिता कर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए व्यापारी भाई-बहनों को संबोधित करने के साथ ही प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल की स्मारिका का विमोचन भी किया। इस अवसर पर व्यापारी वर्ग के हितों से जुड़ी घोषणाएं भी की।
व्यापारी वर्ग प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला है। उनकी मेहनत और उद्यमशीलता से न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलती है, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित होते हैं। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में हमारी डबल इंजन सरकार स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजारों से जोड़ने, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को प्रोत्साहित करने तथा निवेश और स्वरोजगार के नए अवसर विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर माननीय सांसद श्री @AjaybhattBJP4UK जी, माननीय कैबिनेट मंत्री श्री @ram_singhkaira जी, माननीय विधायक श्री @bansidharbhagat जी, श्रीमती @SaritaAryaBJP जी, जिलाध्यक्ष श्री प्रताप सिंह बिष्ट जी, मेयर श्री गजराज सिंह बिष्ट जी, प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष श्री नवीन वर्मा जी, प्रदेश महामंत्री श्री प्रकाश मिश्रा जी सहित अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) October 9, 2026
सीएम धामी ने प्रदेश भर से आए व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा, कि व्यापारी केवल वस्तुओं के क्रय-विक्रय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि रोजगार सृजन, स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने और प्रदेश की आर्थिक प्रगति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते है। बड़े उद्योगों से लेकर छोटे दुकानदारों तक, प्रत्येक व्यापारी राज्य के विकास में योगदान दे रहा है।
मुख्यमंत्री ने व्यापारी हितों से जुड़ी आठ महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा, कि प्राकृतिक आपदा अथवा अन्य आपदाओं से प्रभावित व्यापारियों को नियमानुसार उचित राहत उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, कि व्यापारियों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए राज्य एवं जिला स्तर पर उद्योग मित्र समितियों का पुनर्गठन कर नियमित बैठकें आयोजित कराई जाएंगी।
सीएम धामी ने घोषणा की, कि जीएसटी में पंजीकृत व्यापारियों के दुर्घटना बीमा से संबंधित जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि पात्र व्यापारियों के आश्रित समय पर बीमा दावे की प्रक्रिया पूरी कर सकें। पर्यटन व्यवसाय को प्रोत्साहित करने के लिए पंजीकरण प्रक्रिया सरल बनाई जाएगी तथा सिंगल विंडो व्यवस्था लागू की जाएगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने घोषणा की, कि पर्यटन बहुल क्षेत्रों और जिला मुख्यालयों में होमस्टे सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को स्वरोजगार एवं अतिरिक्त आय के अवसर मिल सकें। चारधाम यात्रा मार्ग पर आवश्यक स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था विकसित की जाएगी, जिससे यात्रियों और व्यापारियों को सुविधा मिल सके।
उन्होंने घोषणा की, कि राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य मार्गों तथा अन्य प्रमुख मार्गों से जुड़े बाजारों में सड़कों एवं नालियों के निर्माण और मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता से कराया जाएगा। व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में काम करने वाले श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों को कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ दिलाया जाएगा। व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के लिए प्रक्रियाओं का सरलीकरण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा, कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में व्यापार, उद्यमिता, डिजिटल लेन-देन और वित्तीय समावेशन को बढ़ावा मिला है। उत्तराखंड में भी व्यापार और निवेश से संबंधित प्रक्रियाओं को सरल बनाया जा रहा है। सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से 26 प्रमुख विभागों की 206 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। निवेशकों और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए ‘निवेश मित्र’ व्यवस्था की गई है।
सीएम धामी ने कहा, कि राज्य में स्टार्टअप और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए उत्तराखंड स्टार्टअप नीति तथा 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड की व्यवस्था की गई है। सरकार औद्योगिक विकास को केवल मैदानी क्षेत्रों तक सीमित न रखकर पर्वतीय क्षेत्रों में भी उद्यमिता और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा, कि उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में स्थानीय व्यापार, पर्यटन, लघु उद्योग और स्वरोजगार की महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार का प्रयास है, कि प्रदेश के व्यापारियों को स्थानीय बाजारों के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी अपनी पहचान स्थापित करने के अवसर मिलें।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की स्मारिका का विमोचन किया तथा व्यापार मंडल की विभिन्न इकाइयों के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया।
