अस्पताल में चापड़ लहराने वाला बदमाश गिरफ्तार, (फोटो साभार: X@DehradunPolice)
देहरादून के राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय की इमरजेंसी में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के दौरान चापड़ लहराने वाले आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान रौनक मल्होत्रा के रूप में हुई है। बता दे, कि आरोपी ने अस्पताल में एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की थी।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार 9 अक्टूबर की सुबह लगभग पांच बजे दो गुटों के बीच हुए विवाद के बाद एक पक्ष के व्यक्ति को निशाना बनाने के इरादे से दूसरे पक्ष के लोग दून अस्पताल पहुंचे। इस बीच स्कूटी से पहुंचे एक युवक के दोनों हाथों में चापड़ थे। वह चापड़ आपस घिसते हुए इमरजेंसी में घुसा और डॉक्टरों के बारे में पूछते हुए धमकाने लगा।
इस दौरान वहां मौजूद मेडिकल स्टाफ, मरीजों और तीमारदारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इमरजेंसी में घुसा शख्स गाली-गलौज करते हुए कह रहा था, कि आज कोई नहीं बचेगा। हंगामे के दौरान इमरजेंसी में मौजूद सुरक्षाकर्मी हमला करने आए लोगों को अस्पताल से बाहर जाने को कहते रहे, लेकिन युवक लगातार गाली गलौज करता रहा।
#कोतवाली_नगर
एसएसपी दून की सख्ती से अपराधियों को उनके अंजाम तक पहुँचाती दून पुलिस
दून मेडिकल कॉलेज/अस्पताल में चापड़ लेकर घुसे अभियुक्त को पुलिस ने किया गिरफ्तार
अभियुक्त के छोटे भाई का दून अस्पताल में विवाद होने पर अवैध चापड़ के साथ अस्पताल पहुँचा था अभियुक्त https://t.co/vrVULzZtbb
— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) October 11, 2026
अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉक्टर आर एस बिष्ट के मुताबिक, कुछ व्यक्ति मारपीट की चोट के इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे थे। कुछ देर के बाद दूसरा पक्ष भी अस्पताल पहुंच गया। अस्पताल की इमरजेंसी में दोनों पक्षों के बीच फिर से मार पिटाई हो गई।
एसपी सिटी शेखर चंद्र सुयाल ने बताया, कि घटना के वक्त वहां एक पुलिसकर्मी मौजूद था, अगर सुरक्षा को लेकर कोई चूक हुई है, तो इसका संज्ञान लिया जाएगा। ऐसी घटनाओं की दोबारा पुनरावृत्ति ना हो, उसको लेकर अस्पताल में और कड़ी सुरक्षा की जाएगी आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया चापड़ भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी रौनक मल्होत्रा पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ लूट, हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। वर्ष 2016 में लूट, 2017 और 2022 में हत्या के प्रयास व मारपीट, 2021 में आर्म्स एक्ट और 2025 में अन्य आपराधिक धाराओं में मुकदमे दर्ज है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया, कि घटना के दिन उसके छोटे भाई का दून अस्पताल में कुछ लोगों के साथ झगड़ा हो गया था। इसकी जानकारी मिलते ही वह शराब के नशे में चापड़ लेकर अस्पताल पहुंच गया। आरोप है कि उसने इमरजेंसी वार्ड में चापड़ लहराते हुए डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य लोगों को डराया-धमकाया।
