बिग बॉस फेम अनुराग डोभाल, (फोटो साभार: सोशल मीडिया)
बिग बॉस फेम यूट्यूबर अनुराग डोभाल बीते कुछ दिनों से सुर्खियों में बने हुए है। इसी बीच जेल में बंद अनुराग की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है। नेहरू कॉलोनी थाने के बाद अब उनके खिलाफ रायपुर थाने में भी मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में बालावाला स्थित विवेक विहार निवासी युवक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायतकर्ता आयुष थपलियाल का आरोप है, कि आरोपियों ने हथियार दिखाकर उसे डराया और दबाव बनाकर मोबाइल से निजी जानकारी हासिल करने के साथ ही सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड करने के लिए मजबूर किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित के अनुसार, तीन अक्टूबर की रात यूट्यूबर अनुराग डोभाल अपने पांच-छह साथियों के साथ गाली-गलौज करते हुए जबरन घर में घुसा और उसके बाल खींचकर थप्पड़ मारे। इस दौरान छोटा पंडित उर्फ खुखरी ने उसके हाथ पकड़ लिए, जबकि टाइगर ने मोबाइल फोन छीन लिया।
पीड़ित ने आरोप लगाया, कि इसी दौरान अनुराग के साथियों ने हथियार दिखाकर उसे चुप रहने की धमकी दी। पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है। विरोध करने पर परिवार के सदस्यों को भी डराने का आरोप है।
शिकायतकर्ता ने बताया, कि अनुराग और उनके साथियों ने दबाव बनाकर उसके मोबाइल फोन से निजी फोटो, वीडियो, संपर्क और सोशल मीडिया से जुड़ी जानकारी अपने पास ट्रांसफर कर ली। इसके अलावा उसे धमकाकर वीडियो बनवाने और अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट करने के लिए मजबूर किया गया।
पीड़ित के मुताबिक, आरोपित जाते समय उसका ब्लूटूथ हेडसेट, रे-बैन का चश्मा, एक्सटर्नल हार्ड ड्राइव और आईफोन का मूल चार्जर भी ले गए। शिकायतकर्ता ने अपनी मां और छोटे भाई की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए पुलिस से सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
रायपुर थाना प्रभारी संजीत कुमार ने बताया, कि शिकायत के आधार पर यूट्यूबर अनुराग डोभाल, छोटा पंडित उर्फ खुखरी, टाइगर समेत अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
बता दें, कि सोशल मीडिया की दुनिया में चर्चित यूट्यूबर अनुराग डोभाल उर्फ यूके-07 राइडर मारपीट, अपहरण के प्रयास के एक मामले में अपने तीन साथियों के साथ पहले ही जेल में बंद हैं। जमानत के लिए अदालत में दायर उनकी याचिका भी खारिज हो गई है। इसके बाद एक और मामला दर्ज होने से उसकी मुश्किलें बढ़नी तय हैं।
