सांकेतिक चित्र
दून शहर के रायपुर थाना क्षेत्र में शराब की दुकान के बाहर एक दिव्यांग के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग एक दिव्यांग को सड़क किनारे लेटाकर बुरी तरह लात-घूसों से पीट रहे है। पीड़ित ने इस मामले में थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, घटना बीते मंगलवार 9 जून रात करीब 10:15 बजे की है। जब लगभग 8 युवक दो वाहनों से रायपुर थाना क्षेत्र के ऋषि नगर पहुंचे। इस दौरान उनका स्थानीय दिव्यांग युवक के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद सभी कार सवार युवक दिव्यांग के ऊपर टूट पड़े और युवक को सड़क पर गिराकर बेरहमी से पीटने लगे।
पीड़ित द्वारा दी गई शिकायत में बताया गया, कि, मंगलवार रात हरियाणा नंबर की दो अलग-अलग गाड़ियों में कुछ लोग ऋषि नगर के पास एक शराब की दुकान पर आए थे। जिनके साथ उसकी कुछ कहासुनी हो गई। इसके बाद शराब के नशे में सभी लोगों ने उसे पीटना शुरू कर दिया और सड़क किनारे लेटाकर लात-घूसों से पीटते रहे। जिसमें पीड़ित को चोटें भी आई है।
मारपीट की घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपित कार में बैठकर सहस्त्रधारा की तरफ भाग गए। पीड़ित ने पुलिस को घटना से संबंधित एक वीडियो और अपना मेडिकल भी सौंपा है। साथ ही मामले में आरोपियों की जल्द पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की मांग की है।
मारपीट की घटना के संबंध में रायपुर थाना प्रभारी संजीत कुमार ने बताया, कि मामले में हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने की कार्रवाई जारी है। हमलावरों की पहचान हो चुकी है। कार हरियाणा नंबर की है, लेकिन प्रथम दृष्टया जानकारी में सामने आया है, कि उसमें सवार सभी लोग देहरादून के रहने वाले हैं। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
