सांकेतिक चित्र, (फोटो साभार: freepik.com) AI
देहरादून के कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र अंतर्गत बीते रविवार को ओम सिटी के पास निजी कंपनी के कर्मचारियों के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) के तहत बिजली का खंभा लगा रहे पांच कर्मचारी करंट लगने से झुलस गए। इसमें एक कर्मचारी उमेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार कर्मचारियों की करंट लगने से हालत बिगड़ गई।
इस हादसे के बाद सभी कर्मचारियों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी कर्मचारी पथरीबाग स्थित ओम सिटी के पास काम कर रहे थे। मृतक उमेश के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक और घायल सभी यूपी के अमरोहा जिले के रहने वाले हैं।
जानकारी के अनुसार, रविवार को ओम सिटी के पास आरडीएसएस योजना के तहत बिजली का काम चल रहा था। कंपनी के अधीन काम करने वाले कर्मचारी खंभा लगा रहे थे। इसी दौरान पास से गुजर रही 11 हजार की लाइन से खंभा छू गया। इससे खंभे में करंट फैल गया और पांच कर्मचारी झुलस गए।
बताया जा रहा है, कि करंट इतना तेज था, कि एक कर्मचारी उमेश कुमार निवासी अमरोहा, यूपी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पप्पू, जसमान सहित चार कर्मचारी बुरी तरह झुलस गए। मौके से सभी को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां घायलों का इलाज चल रहा है। यह कर्मचारी कंपनी के अधीन ठेकेदार के माध्यम से काम कर रहे थे।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया,कि अस्पताल से सूचना मिली थी कि करंट लगने से कर्मचारियों को भर्ती कराया गया है। जिसमें एक कर्मचारी की मौत हो चुकी है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना रविवार को हो गई थी, लेकिन मीडिया को इसका पता आज चला है। पुलिस का कहना है, कि फिलहाल इस घटना संबंध में किसी ने मुकदमा नहीं लिखवाया है।
