CM धामी के जन्मदिन पर दिन भर चला बधाइयों का सिलसिला
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्यसेवक सदन में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने उन्हें जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सुबह से ही प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए लोगों में मुख्यमंत्री से मिलने, उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देने और उनकी एक झलक पाने को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत केंद्रीय मंत्रियों व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें शुभकामनाएं दी। पीएम मोदी ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुख्यमंत्री धामी को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।
मुख्यसेवक सदन में समाज के हर वर्ग और हर आयु-वर्ग के लोग मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जन्मदिन की बधाई देने पहुंचे। इनमें युवा, बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे शामिल रहे। प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से आए लोगों ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर, पुष्पमालाएं पहनाकर तथा आत्मीय भाव से मिलकर उनके स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी जन्मदिवस की शुभकामनाएं देने पहुंचे लोगों से आत्मीयता से मुलाकात की। उन्होंने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा, कि प्रदेशवासियों का यह स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए अत्यंत मूल्यवान है। उन्होंने कहा, कि उत्तराखण्ड की जनता का प्रेम और विश्वास उन्हें निरंतर प्रदेश की सेवा करने की प्रेरणा देता है।
जन्मदिन के अवसर पर बड़ी संख्या में देवतुल्य जनता से मिले असीम स्नेह, प्रेम और आशीर्वाद से मन अभिभूत है।
आप सभी का यह अपनापन मेरे लिए किसी अनमोल उपहार से कम नहीं है। pic.twitter.com/O1X95rf7tq
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) September 16, 2026
मुख्यसेवक सदन में आज कोई दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्र से मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं देने पहुंचा था, तो कोई मैदानी जनपद से। किसी के हाथों में फूल थे, तो कोई अपने साथ मिठाई लेकर आया था। इस अवसर पर विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकार एवं मीडिया प्रतिनिधि भी मुख्यमंत्री को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देने मुख्यसेवक सदन पहुंचे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “उत्तराखण्ड की जनता का स्नेह ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है। मुख्यमंत्री के रूप में उन्हें प्रदेश की जनता की सेवा करने का जो अवसर मिला है, वह उनके लिए गौरव और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा, कि उत्तराखण्ड को विकसित और आत्मनिर्भर राज्य बनाने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
सीएम धामी के जन्मदिन के मौके पर रेंजर मैदान में युवा संकल्प दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में पहुंचे युवाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच उत्तराखंड की लोक गायिका प्रियंका मेहर ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को संगीतमय बना दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जन्मदिन पर शुभकामनाएं देने के लिए युवाओं, मातृशक्ति और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा, युवाओं की आंखों में उन्हें आने वाले समय का उत्तराखंड दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा, वह कार्यक्रम में अपनी बात कहने नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों, आकांक्षाओं, उम्मीदों और उनके भविष्य को लेकर संवाद करने आए हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने जन्मदिवस पर युवाओं से तीन संकल्पों का गुलदस्ता मांगा। पहला, जीवन में एक बड़ा लक्ष्य निर्धारित करें और उसे प्राप्त करने के लिए पूरी मेहनत करें। दूसरा, नशे से दूर रहें और अपने साथियों को भी बचाएं। तीसरा, जिस भी क्षेत्र में सफलता हासिल करें, अपने ज्ञान, अनुभव और सामर्थ्य का कुछ अंश उत्तराखंड की पावन भूमि के विकास और जनकल्याण के लिए अवश्य समर्पित करें।
वहीं चंपावत विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री एवं विधायक पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन को लेकर उत्सव का माहौल नजर आया। बनबसा में बीजेपी मंडल कार्यकर्ताओं की ओर से आयोजित जन्मोत्सव कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की माता जी बिशना देवी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर केक काटा और स्थानीय लोगों के साथ मुख्यमंत्री का जन्मदिन मनाया।
