बनबसा में नशीली दवाओं के धंधे का पर्दाफाश,(फोटो साभार: (X@ETVBharatUK)
ऑपरेशन प्रहार के तहत चंपावत पुलिस ने बनबसा स्थित बैग की दुकान की आड़ में चल रहे नशीली दवाइयों के कथित कारोबार का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां, कोडीन सिरप के साथ भारतीय और नेपाली मुद्रा बरामद की है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट के नेतृत्व में एसओजी चंपावत और थाना बनबसा पुलिस की संयुक्त टीम ने गोपनीय सूचना के आधार पर मीना बाजार स्थित एक बैग बिक्री एवं रिपेयरिंग की दुकान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान दुकान के अंदर से बड़ी मात्रा में नशीली दवाइयां बरामद हुईं।
पुलिस के अनुसार, मौके से अल्प्राजोलम टैबलेट 126, प्रतिबंधित कैप्सूल 67, प्रॉक्सी एसपीएएस कैप्सूल 1323, वी+वी केयर कैप्सूल 100 और कोडीन सिरप की 10 शीशियां बरामद की गईं। इसके अलावा ₹30,700 नेपाली मुद्रा और ₹9,060 भारतीय मुद्रा भी बरामद हुई।
मामले में पुलिस ने बंटी सिंह पुत्र चिचेदर पाल, मूल निवासी बदायूं, हाल निवासी फागपुर, थाना बनबसा, चम्पावत को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है, कि आरोपी नशीली दवाइयां पीलीभीत और बरेली से खरीदकर बनबसा क्षेत्र में भारतीय और नेपाली ग्राहकों को ऊँची कीमत पर बेचता था।
पुलिस अब आरोपी से जुड़े सप्लाई नेटवर्क, दवाइयों के स्रोत और इस कारोबार में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। आरोपी के खिलाफ थाना बनबसा में एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच में यह भी सामने आया, कि वर्ष 2025 में आरोपी के खिलाफ थाना बनबसा में आबकारी अधिनियम के तहत भी मुकदमा दर्ज हुआ था।