डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने ली उत्तराखंड राज्यपाल पद की शपथ, (चित्र साभार: X@DIPR_UK)
उत्तराखंड के नवनियुक्त राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने सोमवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ले ली है। लोक भवन में आयोजित समारोह में उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने उन्हें शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कैबिनेट मंत्री, सांसद और विधायक भी उपस्थित रहे।
इससे पहले मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने राष्ट्रपति द्वारा जारी नियुक्ति अधिपत्र पढ़ा। राज्यपाल पद की शपथ लेने के बाद डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने उत्तराखंड की पावन धरती और जनता को नमन करते हुए कहा, कि देवभूमि की सेवा करने का उन्हें अवसर मिला है, जिसके लिए वह अपने शीर्ष नेतृत्व का धन्यवाद करते हैं।
नैनीताल हाईकोर्ट, उत्तराखण्ड के मुख्य न्यायाधिपति ने लोकभवन, देहरादून में मनोनीत राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन जी को राज्यपाल के पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। https://t.co/p2QilDzXyd
— Uttarakhand DIPR (@DIPR_UK) October 19, 2026
राज्यपाल ने कहा, कि उत्तराखंड सिर्फ एक राज्य ही नहीं बल्कि आस्था और संस्कृति का एक केंद्र भी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा केदारनाथ धाम परिसर से कहा था, कि 21वीं सदी का तीसरा दशक, उत्तराखंड का दशक होगा। इसी विजन को साकार करते हुए हमें प्रदेश के इस विकास की गति को निरंतर आगे बढ़ते हुए नई ऊंचाइयों तक ले जाना है।
राज्यपाल के शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, कि उत्तराखंड के राज्यपाल के रूप में डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने शपथ ली है। ऐसे में वो बधाई और शुभकामनाएं देते हैं। राज्यपाल को राजनीतिक एवं सामाजिक अनुभव है और वो संवैधानिक पदों पर पहले भी रहे हैं।
उन्होंने कहा, कि इसके अलावा, जनता और प्रशासनिक का अनुभव भी है। ऐसे में लोकभवन और सरकार के बीच एक बेहतर समन्वय भी इनके कार्यकाल में होगा। उनके राजनीतिक और सामाजिक अनुभव का लाभ उत्तराखंड राज्य को भी मिलेगा। सीएम धामी ने कहा, कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड तेजी से आगे बढ़ रहा है।
बता दें, कि मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के पिपरिया गांव में जन्में डॉ. ढाल सिंह बिसेन पेशे से आयुर्वेद एवं होम्योपैथी के डॉक्टर के साथ एक किसान भी है। वे मध्य प्रदेश के बरघाट विधानसभा सीट से चार बार के विधायक रह चुके हैं। साल 2003 से 2005 तक वे मध्य प्रदेश की बीजेपी सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रहे है।
इसके अतिरिक्त उन्होंने साल 2011 से 2013 तक मध्य प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष के रूप में भी अपनी सेवाएं दी। साल 2019 के आम चुनावों में बिसेन बालाघाट लोकसभा सीट से बीजेपी के टिकट पर चुनाव जीते और साल 2024 तक 17वीं लोकसभा के सदस्य यानी सांसद रहे।
