ग्राउंड जीरो पर पहुंचे CM धामी, रेस्क्यू अभियान का लिया जायजा
चमोली जिले के पीपलकोटी क्षेत्र में टनल हादसे के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन दूसरे दिन भी जारी है। इसी बीच शुक्रवार को बेहद खराब मौसम के बावजूद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीपलकोटी पहुंचकर टनल में फंसे श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए चलाए जा रहे रेस्क्यू ऑपरेशन का स्थलीय निरीक्षण किया।
ग्राउंड जीरो पर पहुंचे सीएम धामी ने रेस्क्यू में लगी टीमों से अब तक के राहत और बचाव अभियान का अपडेट लिया और खुद टनल के अंदर जाकर हालात का जायजा लिया। रेस्क्यू अभियान की स्थिति का जायजा लेने के बाद मुख्यमंत्री जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचे। यहां उन्होंने रेस्क्यू किए गए घायल श्रमिकों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।
#WATCH | Uttarakhand CM Pushkar Singh Dhami has arrived in Pipalkoti, Chamoli, where he will conduct an on-site inspection of the rescue operation underway to safely evacuate the workers trapped inside the under-construction tunnel pic.twitter.com/fDNBiH612P
— ANI (@ANI) August 14, 2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिला अस्पताल गोपेश्वर में श्रमिकों से उनके स्वास्थ्य एवं उपचार के बारे में जानकारी ली तथा अस्पताल में उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा व्यवस्थाओं के संबंध में चिकित्सकों से भी जानकारी प्राप्त की।
सीएम धामी ने चिकित्सकों को घायल श्रमिकों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा उनके उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न रहने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, कि घायल श्रमिकों के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जाए और आवश्यकतानुसार उन्हें सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
LIVE: गोपेश्वर, चमोली में आपदा प्रभावित टनल क्षेत्र के घायलों की कुशल क्षेम एवं उपचार व्यवस्थाओं का निरीक्षण https://t.co/vkPIYGnJW8
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) August 14, 2026
मुख्यमंत्री ने कहा, कि प्रत्येक व्यक्ति की जान हमारे लिए बहुत कीमती है। इसके लिए हमारे पास जितने भी साधन उपलब्ध हैं, उन सभी का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा, कि टनल में फंसे प्रत्येक श्रमिक को सुरक्षित बाहर निकालना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और रेस्क्यू अभियान में किसी भी स्तर पर कमी नहीं रहने दी जाएगी।
इस मौके पर सीएम धामी ने बताया, कि घटना में प्रभावित श्रमिकों के परिजनों को समय पर सूचना उपलब्ध कराने के लिए संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से भी उन्होंने स्वयं वार्ता की है। साथ ही टनल दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
निर्माणाधीन टनल हादसे के बाद मुख्यमंत्री ने टीएचडीसी गेस्ट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने टनल में फंसे शेष तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने और सभी उपलब्ध संसाधनों एवं तकनीकी विशेषज्ञता का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए।
सीएम धामी ने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस, प्रशासन एवं टीएचडीसी की टीमों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा रेस्क्यू टीमों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को कहा। साथ ही टनल की तकनीकी स्थिति, जल निकासी एवं मलबा हटाने के कार्य की लगातार निगरानी के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे में मृतकों के परिजनों को नियमानुसार अनुमन्य मुआवजा एवं सहायता राशि शीघ्र उपलब्ध कराने तथा घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित परिवारों को हरसंभव प्रशासनिक सहयोग देने को कहा।
