सांकेतिक चित्र
देहरादून के मोहब्बेवाला क्षेत्र में एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया। एक्सप्रेस-वे के ढलान पर आ रहा कंटेनर अचानक बेकाबू होकर पैराफिट से टकराकर सड़क किनारे सफाई कर रहे मजदूर पर पलट गया। जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है, कि मजदूर का सिर भी धड़ से अलग हो गया था।
एसओ क्लेमेंटटाउन मोहन सिंह ने बताया, कि हादसा गुरुवार सुबह करीब 10 बजे हुआ। पुलिस को सूचना मिली थी, कि आरटीओ चेकपोस्ट से करीब डेढ़ सौ मीटर पहले एक कंटेनर पलटा हुआ है। उसके नीचे एक व्यक्ति भी दबा है। पुलिस ने मौके पर क्रेन बुलवाकर कंटेनर को सीधा कराया, तो देखा कि नीचे दबे व्यक्ति की मौत हो चुकी थी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान महेश पुत्र रामदीन, निवासी ग्राम नंदूपुर, थाना कमासिन, जिला बांदा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। 19 वर्षीय महेश मजदूरी का काम करता था। महेश गुरुवार सुबह रोड साफ करने वाले कंप्रेसर से सड़क की सफाई कर रहा था। इसी दौरान सहारनपुर की तरफ से आ रहा कंटेनर ट्रक बेकाबू होकर पलट गया।
पुलिस ने शव को एंबुलेंस के जरिए कोरोनेशन अस्पताल भिजवा दिया है। बताया जा रहा है, कि मृतक के परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने कंटेनर ट्रक को कब्जे में लेकर सुरक्षा की दृष्टि से आशारोड़ी चौकी में खड़ा कर दिया है। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
गौरतलब है, कि मोहब्बेवाला की ढलान पर बेकाबू होते ट्रकों की रफ्तार पर काबू नहीं पाया जा रहा है। बीते दो वर्षों में इस क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक हादसे केवल ट्रकों के बेकाबू होने से हुए हैं। दरअसल, यह ढलान वर्षों से मुसीबत का सबब बनी है। एक्सप्रेस वे बनने के बाद यह ढलान और भी घातक हो गई है।
