![](https://www.rastradhwani.com/wp-content/uploads/2024/02/CM-Dhami-paid-tribute.jpg)
CM धामी ने दिवंगत विधायकों को दी श्रद्वांजलि,(तस्वीर साभार: @pushkardhami)
सोमवार (5 फरवरी 2024) से उत्तराखंड विधानसभा सत्र शुरू हो गया है। सत्र को कल मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। विधानसभा सत्र आठ फरवरी तक चलेगा, जिसके लिए सख्त सुरक्षा व्यवस्था का प्रबंध किया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा कार्यवाही में प्रतिभाग करने से पहले दिवंगत विधायक सरवत करीम अंसारी के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
उल्लेखनीय है, कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में संपन्न हुई कैबिनेट बैठक में समान नागरिक संहिता (UCC) के ड्राफ्ट को स्वीकार कर लिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यूसीसी बिल (UCC Bill) को 6 फरवरी को उत्तराखंड विधानसभा में प्रस्तुत किए जाने की संभावना है। यूसीसी विधेयक पेश होने के दौरान स्थिति हंगामेदार होने के आसार है। विपक्ष भी सदन में सरकार को घेरने की रणनीति बना रहा है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, विधानसभा सत्र में इस बार समान नागरिक संहिता के साथ ही राज्य निर्माण आंदोलनकारियों व उनके आश्रितों को सरकारी सेवाओं में क्षैतिज आरक्षण विधेयक भी सदन में पारित हो सकता है। सत्र के लिए विधानसभा सचिवालय को विधायकों से 250 से अधिक प्रश्न प्राप्त हुए है।
सत्र की कार्यवाही में प्रतिभाग करने से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को विधानसभा में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण एवं नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य से शिष्टाचार भेंट की। विधानसभा सत्र के पहले दिन पक्ष-विपक्ष के नेताओं ने पूर्व सदस्यों दिवंगत नेता व पूर्व विधायक सरवत करीम, मोहन सिंह रावत, पूरण सिंह, कृष्ण सिंह, नरेंद्र सिंह और धनी राम को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री श्री @pushkardhami ने विधानसभा कार्यवाही में प्रतिभाग करने से पहले दिवंगत विधायक श्री सरवत करीम अंसारी के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। pic.twitter.com/zWcbShdTs8
— CM Office Uttarakhand (@ukcmo) February 5, 2024
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “सरवत करीम जी का असमय चले जाना हमारे लिए बड़ी क्षति है। वह एक भाई की तरह व्यवहार करते थे। जब मैं विधानसभा सदस्य नहीं था, तब वो रात को मिलते थे। हम साथ में टहलते थे। उनकी शेरो शायरी सुनते थे। एक सूरज था तारों के घराने से उठा, आंख हैरान है क्या शख्स जमाने से उठा। आज वो भले हमारे बीच में नहीं हैं लेकिन उन्होंने अपने क्षेत्र में जो काम किये हैं, हम सब उनको आगे बढ़ाएंगे।”